अभिनेता शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डंकी' सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली रही है। फिल्म की टक्कर सीधे तौर पर प्रभास की सलार से है। अब इन सबके बीच किंग खान ने फैंस के लिए 'आस्क एसआरके' सेशन आयोजित किया, अभिनेता ने बताया कि उन्होंने सलमान खान को बर्थडे विश क्यों नहीं किया है।
इस सेशन के दौरान एक यूजर ने पूछा, 'जब आप अपने बारे में बकवास लिखा हुआ देखते हैं तो आप कैसे रिएक्ट नहीं करते? पहले यह पत्रिकाएं और समाचार थे, लेकिन अब हर किसी की एक राय है? क्या इसका आप पर असर पड़ता है या आप परेशान नहीं हैं?” इस पर अभिनेता ने जवाब देते हुए लिखा, 'हा हा आपने कहावत सुनी है 'राय ______ की तरह होती हैं। हर किसी की एक होती है। मैं राय पर नहीं बल्कि विश्वास पर काम करता हूं मेरे दोस्त।'
विज्ञापन
सलमान खान को विश करने पर कही यह बात
एक दूसरे यूजर ने शाहरुख से पूछा, 'आज बड़े भाई सलमान खान का जन्मदिन है। क्या आपने उन्हें विश किया।' इसका जवाब देते हुए अभिनेता ने लिखा, 'मैं जानता हूं और मैंने उन्हें शुभकामनाएं भी दी हैं। मैं इसे सोशल मीडिया पर नहीं करता क्योंकि यह व्यक्तिगत है ना?? वैसे ये पिक्चर भाई की लाजवाब है।'
अपनी थकावट को ऐसे दूर करते हैं किंग खान
एक अन्य यूजर ने शाहरुख से पूछा कि क्या वे अपने व्यस्त कार्य शेड्यूल के कारण थका हुआ महसूस करते हैं, तो अभिनेता ने जवाब दिया, “फिट मन की एक अवस्था है। मैं अपने प्रियजनों के साथ हमेशा खुश रहता हूं। खुशी का समय खुशी की फिटनेस की ओर ले जाता है। सकारात्मक विचार और छोटी-छोटी खुशियां मुझे फिट रखती हैं।''
बॉक्स ऑफिस पर 'सलार' से है 'डंकी' की टक्कर
शाहरुख खान के लिए यह साल बेहद यादगार रहेगा। उनकी फिल्म 'पठान' और 'जवान' दोनों ने हजार करोड़ का दुनिया भर में कारोबार किया। इसके अलावा उनकी फिल्म 'डंकी' को लोग बेहद पसंद कर रहे हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी बढ़िया प्रदर्शन कर रही है।