भले ही शाहरुख खान की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'जब हैरी मेट सेजल' कोई खास कमाल नहीं कर पाई हो, लेकिन इससे किंग खान की पॉपुलैरिटी में कोई कमी नहीं आई है। वो आज भी लाखों दिलों के बेताज बादशाह हैं और इस बात का सबूत है उनका ट्विटर अकाउंट।
शाहरुख के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। ट्विटर पर किंग खान को फॉलो करने वालों की संख्या 2 करोड़ 70 लाख पहुंच गई है। अब पिटती फिल्मों के बावजूद उनके फॉलोअर्स की संख्या में इजाफा तो इसी बात का इशारा है कि शाहरुख को अपने सिंहासन की कोई फिक्र नहीं करना चाहिए क्योंकि फैंस का सपोर्ट जो उनके पास है।
पढ़ें: Viral Video: पहली बार 'गोविंदा' बने शाहरुख, मन्नत में फोड़ी दही-हांडी
शाहरुख की ट्विटर पॉपुलैरिटी के पीछे बड़ा कारण उनका फैंस के साथ लगातार टच में रहना भी है। शाहरुख अपने फैंस के सवालों का जवाब देने में कभी नहीं हिचकते और अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बातें भी वो उनके साथ शेयर करते हैं।
शाहरुख इंडिया में दूसरे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले एक्टर और तीसरी शख्सियत हैं। शाहरुख से आगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महानायक अमिताभ बच्चन हैं। प्रधानमंत्री के ट्विटर पर 3 करोड़ 28 लाख फॉलोअर्स हैं। वहीं महानायक शाहरुख से 15 लाख आगे हैं। उनके 2 करोड़ 85 लाख फॉलोअर्स हैं। फिल्मी हस्तियों में अमिताभ, शाहरुख के बाद सलमान खान 2 करोड़ 47 लाख के साथ तीसरे नंबर पर आते हैं। परफेक्शनिस्ट आमिर खान की बात की जाए तो ट्विटर पर उनके 2 करोड़ 16 लाख फॉलोअर्स हैं और अक्षय कुमार के 1 करोड़ 93 लाख।