शाहरुख खान और करण जौहर ने मिलकर 'कुछ कुछ होता है', 'कभी खुशी कभी गम', 'माय नेम इज खान' और 'कभी अलविदा ना कहना' जैसी शानदार फिल्में दी हैं। दर्शकों की बड़ी तमन्ना है कि ये जोड़ी एक बार फिर साथ में पर्दे पर जादू रचे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दर्शकों की यह मुराद जल्द पूरी हो सकती है। कहा जा रहा है कि बीते वर्ष पठान और जवान जैसी ब्लॉकबस्टर देने वाले शाहरुख अब जल्द ही करण जौहर की फिल्म में नजर आ सकते हैं।
शैली को लेकर चल रही बातचीत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान और करण जौहर के बीच फिलहाल फिल्म के आइडिया पर बातचीत चल रही है। कहा जा रहा है कि इस बार शाहरुख खान के साथ मिलकर करण जौहर एक्शन फिल्म करेंगे। बता दें कि करण जौहर ने अभी तक एक्शन शैली में हाथ नहीं आजमाया है। वहीं, शाहरुख खान ने बीते वर्ष पठान और जवान जैसी दो एक्शन फिल्में दी हैं, जो ब्लॉकबस्ट साबित हुई है।
एक्शन में नहीं शाहरुख की दिलचस्पी?
हालांकि, कहा ये भी जा रहा है कि लगातार दो एक्शन फिल्में करने के बाद शाहरुख खान फिलहाल इस शैली को लेकर खास उत्साहित नहीं हैं। लेकिन, दूसरी तरफ वे 'डंकी' के बाद अपनी फिल्मों को लेकर ज्यादा प्रयोग भी नहीं करना चाहते। शाहरुख खान और करण जौहर ने साथ में काफी काम किया है, साथ ही दोनों के बीच मजबूत दोस्ती का रिश्ता भी है। देखना दिलचस्प होगा कि अगर दोनों साथ में फिल्म करते हैं तो किस शैली पर जाकर दोनों के बीच सहमति बनती है।
सलमान खान के साथ कर रहे फिल्म
फिलहाल करण जौहर अपने प्रोडक्शन की अगली फिल्म 'द बुल' में व्यस्त हैं, जिसे वे सलमान खान के साथ बना रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन विष्णुवर्धन करेंगे। हाल ही में खबर आई थी कि 'दुल्हनिया 3' में आलिया भट्ट की जगह जान्हवी कपूर नजर आएंगी, लेकिन आज करण जौहर ने खुद इन अफवाहों को खारिज कर दिया है।