हिंदी और मराठी सिने-प्रेमियों के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। वेटरन प्रोड्यूसर और रंगकर्मी सरोज अंबर ने 93 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। हालांकि, सरोज के निधन का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। वेटरन प्रोड्यूसर की स्मृति का सम्मान करते हुए, परिवार ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। सरोज अंबर निर्देशक-एक्टर महेश कोठारे की मां थीं।
सरोज अंबर कोठारे (जेनमा) का निधन
19 जून, 1930 को जन्मीं सरोज अंबर का 15 जुलाई, 2023 को स्वर्गवास हो गया। परिवार ने सरोज के निधन के सटीक कारण के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया। ऐसा माना जा रहा है कि उनकी मृत्यु उम्र बढ़ने से जुड़ी बीमारियों से हुई। महेश और आदिनाथ कोठारे ने वेटरन फिल्ममेकर को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, 'श्रीमती सरोज अंबर कोठारे (जेनमा) 19/06/1930 - 15/07/2023। पूरे कोठारे परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि। आपकी आत्मा को शांति मिले, यह भगवान से हमारी प्रार्थना है।'