संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म 'लव एंड वॉर' की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है। आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल अभिनीत यह फिल्म साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रही है।
संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म 'लव एंड वॉर' अपने एलान के बाद से ही सुर्खियों में है। फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ विक्की कौशल भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म से जुड़े हर एक अपडेट पर प्रशंसक अपनी नजरें गड़ाए हुए हैं। इसी कड़ी में निर्माताओं ने दर्शकों को सबसे बड़ा तोहफा दिया है। फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है। भंसाली की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 20 मार्च, 2026 को सिल्वर स्क्रीन पर दस्तक देगी।
आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल इस समय बॉलीवुड के तीन सबसे सफल और लोकप्रिय अभिनेता हैं। यह तिकड़ी मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली की रोमांटिक पीरियड वॉर फिल्म 'लव एंड वॉर' में नजर आएगी। फिल्म को लेकर कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं। हालांकि, अब इस पर एक और बड़ा आधिकारिक अपडेट आया है। फिल्म की रिलीज की तारीख 20 मार्च, 2026 तय की गई है। इससे साफ हो रहा है कि भंसाली त्योहारों को यादगार बनाने वाले हैं और फिल्म को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए शानदार रणनीति बनाने में सफल हुए हैं।
'लव एंड वॉर' को एक के बाद एक आने वाले त्योहार रमजान, राम नवमी और गुड़ी पड़वा की छुट्टियों का लाभ मिलेगा। इससे ज्यादा से ज्यादा दर्शक सिनेमाघर पहुंचेगे और इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का लुत्फ उठा सकेंगे। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेम कहानी है। हालांकि, फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी, इस पर अपडेट आना अभी बाकी है।