'राजी' के बाद विक्की कौशल ने 'सैम बहादुर' के लिए एक बार फिर मेघना गुलजार के साथ हाथ मिलाया है। 'सैम बहादुर' वर्ष की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है क्योंकि यह फिल्म भारत के पहले फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की कहानी बताती है, जो वर्ष 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत के लिए जिम्मेदार थे। सैम बहादुर ने दुनिया का नक्शा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं, इस फील्ड मार्शल की बायोपिक अपने एलान के बाद से ही सुर्खियों में है। इसी कड़ी में फिल्म के टीजर रिलीज को लेकर आए अपडेट ने फैंस के उत्साह को और ज्यादा बढ़ा दिया है।
जानकारी है कि 'सैम बहादुर' के निर्माता, 13 अक्तूबर को मुंबई में इसका टीजर लॉन्च करेंगे। इस दौरान पूरी कास्ट और क्रू मौजूद होगी। टीजर फिल्म के मार्केटिंग अभियान की शुरुआत करेगा। मूवी 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, और इसकी टक्कर रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'एनिमल' से होगी। जानकारी तो यह भी है कि निर्माता रॉनी स्क्रूवाला ने भारत बनाम पाकिस्तान क्रिकेट विश्व कप मैच के दौरान फिल्म का टीजर दिखाने के लिए स्टार नेटवर्क के साथ एक विशेष समझौता किया है क्योंकि इससे दर्शकों की अधिकतम संख्या सुनिश्चित होगी।
'सैम बहादुर' का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है, जो 'तलवार', 'राजी' और 'छपाक' जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। फिल्म में फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। 'सैम बहादुर' के बाद, विक्की 'जरा हटके जरा बचके' के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर के साथ 'छावा' नामक फिल्म में काम करेंगे, जिसमें वह छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका में होंगे।
Tiger 3: 'टाइगर 3' से कटरीना कैफ का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी, आग से खेलने को तैयार अभिनेत्री
'छावा' को लेकर खबरें हैं कि इसमें अभिनेत्री रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में होंगी। विक्की की आखिरी रिलीज 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' थी, जो बॉक्स ऑफिस पर ठीक प्रदर्शन करने में सफल रही। सैम बहादुर की बात करें तो, इसकी शूटिंग दो वर्ष में अलग-अलग स्थानों पर पूरी हुई है। मूवी की काफी चर्चा है। ‘सैम बहादुर’ की स्क्रिप्ट भवानी अय्यर ने मेघना गुलजार के पिता गुलजार और शांतनु श्रीवास्तव के साथ लिखी है। गुलजार ने गीतकार के रूप में भी काम किया है। संगीत, शंकर-एहसान-लॉय का है। 'सैम बहादुर' 1 दिसंबर, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।