बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और रणबीर कपूर इन दिनों लगातार अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी क्रम में शादी को लेकर जारी अटकलों के बीच अब अभिनेत्री आलिया भट्ट के शादी के लहंगे को लेकर भी कई तरह की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं। हाल ही में सामने आ रही रिपोर्ट के मुताबिक आलिया अपने खास दिन पर सब्यसाची का लहंगा पहनने वाली हैं। वहीं अपनी शादी के समारोह के लिए अभिनेत्री कथित तौर पर मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए कपड़े भी पहनेंगी।
इससे पहले बीते साल दिसंबर में अभिनेता विक्की कौशल की दुल्हन बनीं बॉलीवुड अभिनेत्री कटरीना कैफ ने भी अपने खास दिन के लिए सब्यसाची का लहंगा चुना था। सब्यसाची द्वारा डिजाइन किए गए इस लाल रंग के जोड़े में अभिनेत्री बेहद खूबसूरत नजर आ रही थीं।
वहीं बीते साल ही नवंबर में 'बधाई हो' स्टार राजकुमार राव के साथ शादी के बंधन में बंधीं अभिनेत्री पत्रलेखा ने भी सब्यसाची का डिजाइन किया हुआ लाल रंग का लहंगा पहना था। अभिनेत्री के लहंगे की चुनरी पर बंगाली में एक प्यार भरा नोट भी लिखा था जिसका मतलब था मैंने मेरा प्यार से भरा दिल तुम्हें सौंप दिया है।
अब अपनी शादी के लिए अभिनेत्री आलिया भट्ट भी सब्यसाची का डिजाइन किया लहंगा चुन सकती हैं। हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रणबीर- आलिया की शादी की बात करें तो इस कपल की शादी के समारोह 4 दिन तक आयोजित होंगे। रणबीर- आलिया की शादी अभिनेता के पुश्तैनी घर आरके हाउस में होगी, जहां रणबीर के माता-पिता यानी ऋषि कपूर और नीतू कपूर भी शादी के बंधन में बंधे थे।