रजनीश दुग्गल मनोरंजन जगत के जाने-माने अभिनेता हैं। रजनीश ने 'खतरों के खिलाड़ी 5' जीतने के बाद से कोई रियलिटी शो नहीं किया है। वहीं, उनसे सलमान खान के जाने-माने शो 'बिग बॉस' का हिस्सा बनने को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर अभिनेता ने साफ किया कि उन्हें शो में भाग लेने के लिए मेकर्स की ओर से कई दफा अप्रोच किया जा चुका है। हालांकि, वह इसका हिस्सा नहीं बनना चाहते हैं। इतना ही नहीं रजनीश ने चर्चित शो को लेकर कुछ ऐसा कह दिया है, जिसने उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।
रजनीश दुग्गल ने बिग बॉस का हिस्सा बनने को लेकर कहा, 'मुझे बिग बॉस से नफरत है और मैं इसे नहीं करूंगा। शो के मेकर्स मुझसे भाग लेने के लिए कहते रहते हैं, लेकिन मैं प्रस्ताव स्वीकार नहीं करूंगा। हालांकि, मैं झलक दिखला जा जैसे अन्य रियलिटी शो करने के लिए तैयार हूं।' अभिनेता ने साफ किया कि उन्हें बिग बॉस करने से परहेज है।
रजनीश दुग्गल को हाल ही में ओटीटी पर इंस्पेक्टर अविनाश की भूमिका में देखा गया। अभिनेता ने इस माध्यम को गेम चेंजर बताया और प्लेटफॉर्म की जमकर तारीफ की। रजनीश ने साझा किया, 'हालांकि मुख्यधारा के नायकों या सितारों की अवधारणा में बहुत बदलाव नहीं आया है, लेकिन ओटीटी के कारण, कोई एक विशेष नायक नहीं है, यह हमेशा कलाकारों का एक समूह होता है। हर कहानी में कई कथानक और उपकथानक होते हैं, जिससे चरित्र अभिनेताओं को अपने अभिनय कौशल दिखाने का पर्याप्त मौका मिलता है।'
Shefali Shah: छोटी उम्र में उत्पीड़न की शिकार हुई थीं शेफाली, वर्षों बाद अभिनेत्री के खुलासे ने किया हैरान
रजनीश दुग्गल ने अपनी बात में आगे जोड़ा, 'हमारी इंडस्ट्री अब हॉलीवुड की तरह बन गई है, जहां लियोनार्डो डिकैप्रियो को ब्रैड पिट की फिल्म में भूमिका निभाने में कोई आपत्ति नहीं होगी और उस भूमिका के बारे में बात की जाएगी। कुल मिलाकर, ओटीटी मनोरंजन उद्योग के लिए एक उछाल है।' फिल्मों के अलावा अभिनेता ने संजोग, आरंभ: कहानी देवसेना की और श्रीमद्भागवत महापुराण जैसे टीवी शो भी किए हैं। वह कहते हैं, 'मुझे लगता है कि नए जमाने के निर्माता टीवी कंटेंट को और अधिक प्रासंगिक बनाने की कोशिश कर रहे हैं। धीरे-धीरे आपको टीवी पर भी बेहतर कंटेंट देखने को मिलेगा, लेकिन निर्माताओं को शूटिंग शेड्यूल में कुछ बदलाव करने की जरूरत है।'