अभिनेता ने की कार्रवाई की मांग
अभिनेता राजकुमार राव का कहना है कि उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग करके धोखे से लोन लिया गया है, जिसकी वजह से उनका क्रेडिट स्कोर प्रभावित हुआ है। अब इस पूरे मामले पर उन्होंने ट्विटर के जरिए पोस्ट कर क्रेडिट इंफॉर्मेशन ब्यूरो (इंडिया) लिमिटेड (CIBIL) के अधिकारियों से कार्रवाई करने की मांग की है।
अभिनेता के पैन कार्ड पर लिया गया इतने रुपये का लोन
अभिनेता ने अपने ट्वीट में लिखा- "मेरे पैन कार्ड का दुरुपयोग करते हुए, मेरे नाम पर 2500 रुपये का एक छोटा-सा लोन लिया गया है। जिसके कारण मेरा सिबिल स्कोर प्रभावित हुआ है। क्रेडिट इंफॉर्मेशन ब्यूरो इंडिया लिमिटेड (CIBIL) कृपया इसे सुधारें और इसके खिलाफ एहतियाती कदम उठाएं"। हालांकि सिबिल के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अभी तक अभिनेता के ट्वीट पर कोई जवाब नहीं दिया है।
इस फिल्म में नजर आएंगे राजकुमार राव
अगर हम राजकुमार राव के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता राजकुमार राव 'हिट', 'मोनिका', 'ओ माय डार्लिंग' और 'भीड़' जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। फिलहाल उनकी रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि ये सभी इस साल रिलीज होंगी।