नेस वाडिया के साथ विवाद की हवा क्या चली कि प्रिटी जिंटा को लेकर आने वाली खबरों में लगातार नई-नई बातें सामने आ रही हैं। प्रिटी नैस के खिलाफ पुलिस में बदतमीजी की रिपोर्ट लिखाने के बाद अमेरिका चली गई थीं और कहा गया कि अब वह वहीं बस जाना चाहती हैं।
परंतु प्रिटी ने ट्विटर पर कहा है कि यह बात झूठ है। परंतु अब सूत्र एक और नई बात कह रहे हैं। सूत्रों की बात पर विश्वास किया जाए तो प्रिटी भले ही अमेरिका में हाल फिलहाल नहीं बसेंगी, लेकिन उन्होंने एक अमेरिकी से सगाई जरूर कर ली है। कहा जा रहा है कि नैस वाडिया से अलग होने के बाद प्रिटी लंबे समय तक अकेली रहीं।
फिर मिल गया है कोई
मगर इस दौरान उनकी मुलाकात लास एंजिल्स में रहने वाले एक नौजवान से हुई। दोनों की आंखें चार हुई और बात इतनी आगे बढ़ी की दोनों ने सगाई कर ली। यह सगाई अभी कुछ महीने पहले ही हुई है। नेस विवाद के बाद भी प्रिटी ने लास एंजिल्स का ही हवाई जहाज पकड़ा था, जहां वे छुट्टियां बिताने गईं।
विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि प्रिटी का यह बॉयफ्रेंड एक बिजनेसमैन है और यह सुंदरी उसके साथ मिल कर एक बड़ा व्यवसाय भी भारत में शुरू करने की योजना बना रही है। सगाई के बाद दोनों ने अपना ध्यान बिजनेस पर दिया है और भविष्य के लिए कुछ बड़ी योजनाएं उनके पास हैं। सूत्र इस बिजनेसमैन का नाम ‘जिन’ बता रहे हैं। कहा जा रहा है कि जिन और प्रिटी पिछले आठ महीने से एक-दूसरे के साथ डेटिंग कर रहे हैं। इस डेटिंग के दौरान उन्होंने जीवनसाथी बनने का फैसला किया और कुछ ही महीने पहले एक-दूसरे को सगाई की अंगूठी पहना दी।
पहनी हुई थी अंगूठी
उल्लेखनीय है कि पिछले आईपीएल सीजन में प्रिटी बहुत सुंदर अंगूठी पहने दिखी थीं और सब अटकलें लगा रहे थे कि क्या उन्होंने किसी से सगाई कर ली है। लेकिन राज तब राज ही रहा। जानकारों का कहना है कि प्रिटी के करीबी दोस्तों को उनके बॉयफ्रेंड और सगाई की सच्चाई पहले से पता है। वैसे प्रिटी की तरफ से अभी इस रिश्ते के बारे में किसी भी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है और सब इंतजार कर रहे हैं।
प्रिटी को करीब से जानने वाले सूत्रों का कहना है कि प्रिटी और उनके फ्रेंड जिन मिल कर भारत में एक मीडिया हाउस खोलने की तैयारी कर रहे हैं और इसके लिए उनकी एक चैनल से बातचीत चल रही है। प्रिटी की दिलचस्पी न्यूज चैनल खोलने में है। कहा जा रहा है कि नेस वाडिया का विवाद खत्म होने के बाद प्रिटी संभवतः भारत में अपने इस बिजनेस की आधिकारिक घोषणा कर सकती हैं। यह भी हो सकता है कि इसी दौरान वह जिन के साथ अपनी सगाई का भी खुलासा कर दें।
प्रीति ने दिए थे संकेत
उल्लेखनीय है कि प्रिटी ने कुछ महीनों पहले मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वह बहुत जल्दी ही एक बड़े बिजनेस की शुरुआत करने जा रही हैं। उनका यह बिजनेस भारत में ही रहेगा। साथ ही जब प्रिटी से यह पूछा गया था कि क्या नेस के बाद वह अभी तक अकेली हैं तो उन्होंने बड़े शरारती ढंग से कहा था कि क्या आपको लगता है कि इतने लंबे समय तक में ‘सिंगल’ रहूंगी।
ऐसे में सूत्रों के द्वारा लास एंजिल्स से आ रही खबरों के बाद प्रिटी की सगाई की खबरों को हवा मिल रही है। प्रिटी ने तब मीडिया से कहा था कि मैं अपनी जिंदगी को लेकर बहुत जल्दी ही एक बड़ी घोषणा मीडिया में करने वाली हूं। क्या वह सगाई की ही घोषणा है? खैर, इस बीच प्रिटी ने इतना तो साफ कर ही दिया है कि वह भारत नहीं छोड़ने वाली हैं।