‘अमर उजाला’ से बातें करते हुए अभिनेत्री कृति सैनन ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ के बारे में कहा, ‘मेरे लिए एक बहुत ही खास फिल्म है और इसमें सीता का किरदार बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे ऐसा किरदार निभाने का मौका मिल रहा है। मैंने फिल्म में प्रभास और सैफ अली खान के साथ काम किया है। मैंने इन दोनों के साथ पहले कभी काम नहीं किया तो बहुत ही ताजगी भरा एहसास इसकी शूटिंग पर होता है। दोनों का स्वभाव बहुत अच्छा है, दोनों का मिज़ाज भी बहुत अच्छा है और दोनों बहुत मददगार रहे हैं।’
फिल्म में लक्ष्मण का किरदार सनी सिंह कर रहे हैं। वह ‘प्यार का पंचनामा 2’ और ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ में कार्तिक आर्यन के पार्टनर रहे हैं। टी सीरीज की फिल्मों ‘दे दे प्यार दे’ और ‘पति पत्नी और वो’ में भी उन्होंने अपनी विशेष झलकियां दिखाई हैं। उनकी पिछली तीनों फिल्में सोलो हीरो फिल्में रहीं और इनमें शामिल हैं, ‘झूठा कहीं का’, ‘उजड़ा चमन’ और ‘जय मम्मी दी’।
फिल्म ‘आदिपुरुष’ के निर्देशक ओम राउत इससे पहले अजय देवगन के साथ फिल्म ‘तानाजी’ बना चुके हैं। ये फिल्म साल 2020 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही। स्पेशल इफेक्ट्स के जानकार ओम राउत इस फिल्म को मोशन कैप्चर तकनीक से बना रहे हैं। फिल्म के लिए बने स्टोरी बोर्ड्स जिन लोगों ने देखे हैं, उनके मुताबिक ये फिल्म बहुत ही विशाल स्तर पर बन रही है। फिल्म का मेकिंग बजट ही करीब 400 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।