महाराष्ट्र से हाल ही में ड्रग्स मामले को लेकर ताजा खबर सामने आ रही है। पुलिस ने एक पार्टी पर छापा मारा और 22 लोगों को हिरासत में ले लिया है। इन 22 लोगों में कई कलाकार और कोरियोग्राफर शामिल हैं जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। टीम ने इस पार्टी में से ड्रग्स और कुछ रुपये बरामद किए हैं। हिरासत में लिए गए लोगों की मेडिकल जांच की जा रही है। नासिक ग्रामीण पुलिस ने बताया है कि वो अभी डिटेल्स का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि बॉलीवुड और ड्रग्स का पुराना नाता रहा है। पिछले कुछ समय से ड्रग्स मामले पर कई खुलासे होने के बाद पुलिस की अब सभी सितारों पर पैनी नजर है। अब ड्रग्स मामले को लेकर पुलिस पहले से ज्यादा सख्त और सतर्क हो गई है। पुलिस ने कई बार बॉलीवुड के कई कलाकारों को ड्रग्स के साथ पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया है। कुछ दिनों पहले ही पुलिस की एक टीम ने अभिनेत्री नायरा नेहल शाह को गिरफ्तार किया था। उनके जन्मदिन की पार्टी में ड्रग्स का इस्तेमाल हो रहा था।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से ड्रग्स का मामला सामने आया था और एनसीबी ने इसकी जांच शुरू कर दी थी। ड्रग्स का एंगल सामने आने के बाद से एनसीबी और पुलिस लगातार जांच में जुटी है। एनसीबी सुशांत से जुड़े मामले में कई ड्रग्स पैडलर की गिरफ्तारी भी कर चुकी हैं। इनमें से कई ड्रग्स पैडलर वो थे जो पैसे लेकर बॉलीवुड सेलेब्स को ड्रग्स दिया करते थे।