'दिल झूम' गाने में विद्युत जामवाल और नोरा फतेही की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली। यह रोमांटिक गाना दर्शकों को खूब पसंद आया था। वहीं, आज निर्माताओं ने इस फिल्म का दूसरा गाना 'जीना हराम' जारी कर दिया है।
नोरा फतेही और विद्युत जामवाल स्टारर फिल्म 'क्रैक- जीतेगा तो जिएगा' इस साल की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्मों में से एक है। इस फिल्म का टीजर और पहला गाना सामने आने के बाद से ही फैंस में इसे लेकर काफी उत्साह है। 'दिल झूम' गाने में विद्युत जामवाल और नोरा फतेही की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली। यह रोमांटिक गाना दर्शकों को खूब पसंद आया था। वहीं, आज निर्माताओं ने इस फिल्म का दूसरा गाना 'जीना हराम' जारी कर दिया है।
विज्ञापन
विद्युत् के साथ थिरकीं नोरा
नोरा फतेही ने हाल में इंस्टाग्राम हैंडल से नए गाने के रिलीज होने की घोषणा की है। फिल्म 'क्रैक- जीतेगा तो जिएगा' के दूसरे गाने का शीर्षक 'जीना हराम' है। 'जीना हराम' गाने में नोरा, विद्युत के साथ थिरकती नजर आ रही हैं। उन्होंने वीडियो साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'आवाज तेज रखें, तापमान अधिक होने की उम्मीद करें, क्योंकि आप 'जीना हराम' का अनुभव करने वाले हैं। गाना जारी कर दिया गया है।' 'जीना हराम' गाने को तनिष्क बागची द्वारा तैयार किया गया है। वहीं, विशाल मिश्रा और शिल्पा राव ने अपनी मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज दी है। विद्युत और नोरा की केमिस्ट्री भी गाने में बेहद खूबसूरत लग रही है।
एमी जैक्सन भी आएंगी नजर
बीते दिनों निर्माताओं ने इस फिल्म का टीजर जारी किया था, जिसमें विद्युत्, नोरा फतेही और एमी जैक्सन की झलक देखने को मिली थी। टीजर में विद्युत हमेशा की तरह एक्शन का दम दिखाते नजर आए। वहीं, अभिनेता को टीजर में मुंबईया भाषा में बात करते देखा गया था। इस फिल्म को सरीम मोमिन और रेहान खान ने लिखा है। 'क्रैक-जीतेगा तो जिएगा' एक स्पोर्ट्स फिल्म है, जो आदित्य दत्त द्वारा निर्देशित है।
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
'क्रैक- जीतेगा तो जिएगा' फिल्म 23 फरवरी, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में विद्युत और नोरा के अलावा अर्जुन रामपाल और एमी जैक्सन जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। फिल्म में अभिनय के अलावा विद्युत जामवाल ने अब्बास सैय्यद के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण भी किया है। फिल्म में दर्शकों को एक्शन का जबर्दस्त डोज मिलने वाला है।