नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नाम बॉलीवुड के सबसे उम्दा कलाकारों की लिस्ट में शुमार है। अभिनेता इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'रौतू की बेली' को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते दिन नवाजुद्दीन सिद्दीकी गोवा में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में अपनी आगामी फिल्म के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इवेंट के दौरान अभिनेता ने कहा कि वे फिल्मों में सिर्फ खास किरदार करते हैं। उन्होंने खास किरदार देने के लिए निर्देशकों को धन्यवाद भी कहा।
अलग किरदार करना पसंद- नवाजुद्दीन
इवेंट में बातचीत के दौरान नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा, 'मैं हमेशा खुद को एक अलग किरदार में देखना पसंद करता हूं। इसलिए मैं सिर्फ एक खास तरह के किरदार ही करता हूं, इसके लिए मेरे निर्देशकों को धन्यवाद। उन्होंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा कि वे मुझसे कुछ भी करवा सकते हैं।'
यह भी पढ़ें: Amitabh Bachchan: 'अमिताभ बच्चन को फंसाने की हुई कोशिश', पुराने कृषि भूमि मामले में बिग बी के वकील का खुलासा
गुरु ओशो का किरदार निभाना चाहते हैं अभिनेता
अभिनेता ने बातचीत को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मुझे हर बार एक अलग किरदार करना पसंद है। अगर मैं एक ही तरह की भूमिकाएं निभाता रहूंगा तो मैं खुद से बोर हो जाऊंगा। कभी-कभी जब हम अलग किरदार को करते हैं तो उस किरदार में अच्छे से नहीं ढल पाते है, लेकिन अलग किरदार में काम करते रहते है तो हमें सीखने का मौका मिलता रहता है। मैं इंडस्ट्री में खुद को अलग बनाए रखने और कुछ नया सीखने के लिए अलग-अलग भूमिकाएं करता हूं।' नवाजुद्दीन सिद्दीकी से जब पूछा गया कि वे आगे किस किरदार को निभाना चाहते हैं? उन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा, 'अगर मौका मिला तो मैं आध्यात्मिक गुरु ओशो का किरदार निभाना चाहूंगा।'
मर्डर मिस्ट्री फिल्म है 'रौतू की बेली'
अभिनेता ने अपनी आगामी फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, 'रौतू की बेली' एक मर्डर मिस्ट्री फिल्म है। इस फिल्म में मैं एक पुलिस वाले का किरदार निभा रहा हूं।' बता दें कि 'रौतू की बेली' का निर्देशन आनंद सुरपुर ने किया है और इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका में हैं।
यह भी पढ़ें: Bigg Boss 17: 'दो दफा दी मौत को मात...,' बिग बॉस 17 का हिस्सा बनते ही ओरी ने लगाया दोस्तों पर गंभीर आरोप