बीते शुक्रवार को रिलीज हुई नाना पाटेकर स्टारर फिल्म अब तक छप्पन-2 को भले ही उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले, मगर इससे इस सितारे की टिकट खिड़की हैसियत पर कोई फर्क नहीं पड़ा है।
उन्होंने इससे पहले दर्शकों को कई शानदार फिल्में दी हैं और यही कारण है कि इस साल उनकी कुछ और सीक्वल फिल्में या तो रिलीज हो जाएंगी अथवा उनकी शूटिंग शुरू हो जाएगी।
वैसे उनकी अनीस बज्मी द्वारा 2007 में निर्देशित वेलकम का सीक्वल (वेलकम बैक) इस साल आना तय है। इसके साथ ही नाना की दो अन्य फिल्मों के सीक्वल लाने की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
निर्माता-निर्देशक रोहन सिप्पी अपनी दो फिल्मों टेक्सी नं. 9211 और ब्लफ मास्टर के सीक्वल की योजना बना रहे हैं। इस मामले में उन्होंने मूल फिल्मों के सितारों से बातचीत करना शुरू कर दी है।
नाना के अनुसार, ‘हां, यह बात सही है कि रोहन से इन फिल्मों के सीक्वल पर बातें हुई हैं। अगर सब कुछ योजनानुसार चला तो हम इन पर काम कर सकते हैं। कुछ महीने पहले रोहन ने मुझसे मुलाकात की थी।
उन्होंने टेक्सी नं. 9211 और ब्लफ मास्टर के सीक्वल की योजना बताई थी। परंतु मैंने कहा कि जब इन फिल्मों की स्क्रिप्ट तैयार हो जाएं तो मुझे दिखाना।’ नाना का कहना है कि अगर उन्हें सीक्वलों की कहानी पसंद आती है तो जरूर काम करेंगे।
उधर रोहन के करीबी सूत्रों का कहना है कि फिल्मों की स्क्रिप्ट पर काम शुरू हो चुका है, परंतु उनका पूरा जोर इस बात पर है कि पुरानी स्टारकास्ट ही फिल्म में रहे।
इसलिए वह इन फिल्मों में काम कर चुके ऐक्टरों के साथ लगातार मुलाकात कर रहे हैं। नाना पाटेकर समेत उन्होंने जॉन अब्राहम, अभिषेक बच्चन और प्रियंका चोपड़ा से मीटिंग करके अपनी योजना की रूप-रेखा बता दी है।
रोहन को उम्मीद है कि सीक्वल बनाने में ये अभिनेता पूरा सहयोग करेंगे। वैसे अभिषेक बच्चन पहले ही कह चुके हैं कि अगर ब्लफमास्टर का सीक्वल बनता है तो वह उसमें खुशी-खुशी काम करेंगे। अगर अभिषेक राजी हैं तो जॉन के भी फिल्म में आने की पूरी उम्मीद है क्योंकि दोनों का दोस्ताना अब किसी से छुपा नहीं है।