यूं तो होली के मौके पर हुए मजाक का लोग बुरा नहीं मानते लेकिन कई बार होली के बहाने कुछ खरी-खरी बातें भी कह दी जाती हैं। ऐसा ही शायद कुछ इस बार हुआ है।
बीते गुरुवार को लोग उस वक्त चौंक गए जब रणबीर कपूर की मां नीतू सिंह ने अपने सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम अकाउंट पर चाहने वालों को होली की शुभकामनाएं देते हुए बेटे के साथ उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण का फोटो टैग दिया।
नीतू के करीब पचास हजार फॉलोअर्स ने देखा कि उन्होंने फिल्म ये जवानी है दीवानी के लोकप्रिय गाने बलम पिचकारी की तस्वीर लगा रखी है और लिखा है कि मेरे इंस्टाग्राम के सारे दोस्तों को होली की शुभकामनाएं।
नीतू सिंह द्वारा इस तस्वीर को अपने अकाउंट पर लगाते ही बॉलीवुड और रणबीर-दीपिका-कैटरीना के फैन्स में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी हैं।
सब जानते हैं कि रणबीर और दीपिका के बीच एक समय गहरा प्यार था, मगर कैटरीना के साथ रणबीर की नजदीकियों के कारण दोनों अलग हो गए।
हाल में फिल्म तमाशा की शूटिंग के दौरान एक बार फिर से रणबीर-दीपिका की दोस्ती हो जाने की खबरें आई हैं। ऐसे में सब यह जानने को इच्छुक हैं कि क्या नीतू सिंह ने कैटरीना को ‘अप्रत्यक्ष’ रूप से कोई संदेश दे दिया है?
रणबीर और कैटरीना इन दिनों लिव-इन पार्टनर हैं और कपूर परिवार के नजदीकियों की मानें तो रणबीर के माता-पिता को यह बात गले नहीं उतर रही है।
वैसे यह पहला मौका नहीं है जब रणबीर की मम्मी ने कैटरीना को इंस्टाग्राम पर इस तरह से चौंकाया है। कुछ समय पहले भी वह कैटरीना को झटका दे चुकी हैं।
कपूर परिवार की निताशा नंदा की बर्थ डे पार्टी की एक तस्वीर नीतू सिंह ने अपलोड की थी। जिसमें पूरा कपूर परिवार
मौजूद था, मगर उसमें से कैटरीना की तस्वीर नीतू सिंह ने काट दी थी।
हालांकि होली वाले इस मुद्दे पर नीतू सिंह का कोई बयान नहीं आया है, मगर मीडिया में रणबीर के पिता ऋषि कपूर के हवाले यह बात जरूर आई है कि यह सिर्फ होली की फिल्मी तस्वीर है, जिसमें एक मां ने अपने बेटे की डांस करती फोटो लगाई है।
इसका कोई और मतलब न निकालें। अब देखना यह है कि क्या कैटरीना भी इसे सिर्फ होली का मजाक समझ कर टाल देंगी या बात निकली है तो दूर तलक जाएगी।