फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मचान बाबा: नीब करौरी बाबा के बाद अब देवराहा बाबा की कहानी बड़े पर्दे पर, बनी फिल्म ‘मचान बाबा’

Mon, 12 Oct 2026 12:49 PM IST
सिराजुद्दीन एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

Machan Baba: नीब करौरी बाबा से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब रहस्यमयी संत देवराहा बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म बनने जा रही है। ‘मचान बाबा’ नाम की इस फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी कर दिया गया है। फिल्म 2027 में रिलीज करने की योजना है।
 
विज्ञापन
मचान बाबा - फोटो : ओजस फिल्म्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और संतों के जीवन से जुड़ी कहानियां इन दिनों सिनेमा में नई जगह बना रही हैं। नीब करौरी बाबा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब देश के सबसे रहस्यमयी संतों में गिने जाने वाले देवराहा बाबा की कहानी बड़े पर्दे पर आने जा रही है।
विज्ञापन


फिल्म का नाम ‘मचान बाबा’ है। मेकर्स ने इसका टाइटल पोस्टर जारी कर दिया है। फिल्म फिलहाल रिसर्च और प्री-प्रोडक्शन के दौर में है और इसे 2027 में रिलीज करने की तैयारी है।
Trending Videos

क्यों रहस्य बना रहा देवराहा बाबा का जीवन?
देवराहा बाबा की पहचान उनके मचान से जुड़ी थी। वह नदी किनारे जमीन से कई फीट ऊपर बने मचान पर रहते और वहीं से श्रद्धालुओं से मिलते थे। लेकिन उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा रहस्य उनकी उम्र को लेकर रहा।

बाबा कितने वर्ष जीवित रहे, इसे लेकर अलग-अलग दावे और जनश्रुतियां मौजूद हैं। लेखक अभिजीत सेन ने भी अपनी पुस्तक में देवराहा बाबा की असाधारण दीर्घायु से जुड़े विभिन्न विवरणों और स्मृतियों की पड़ताल की है। कुछ कथाओं में उनकी आयु 500 वर्ष से भी अधिक होने तक के दावे किए गए हैं, हालांकि इसका कोई सर्वमान्य ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है।

जॉर्ज पंचम से इंदिरा-राजीव गांधी तक के प्रसंग
देवराहा बाबा के बारे में सबसे दिलचस्प बात यह भी है कि उनके साथ अलग-अलग दौर की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों के प्रसंग जुड़े हैं।

ब्रिटिश सम्राट जॉर्ज पंचम की 1911 में बाबा से मुलाकात का दावा पुराने विवरणों में मिलता है। 2009 में संसद में हुई चर्चा के दौरान भी इस प्रसंग का उल्लेख किया गया था।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की देवराहा बाबा से मुलाकात और उनके आशीर्वाद से जुड़ी कहानी भी काफी चर्चित रही है। इसी तरह 1989 में राम मंदिर शिलान्यास से पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की बाबा से हुई मुलाकात का उल्लेख विभिन्न संस्मरणों में मिलता है।

फिल्म में इन ऐतिहासिक और राजनीतिक प्रसंगों को किस रूप में दिखाया जाएगा, मेकर्स ने फिलहाल इसका खुलासा नहीं किया है।

नीब करौरी बाबा से भी था संबंध
‘मचान बाबा’ और ‘हनुमान अंश’ के बीच एक दिलचस्प कड़ी भी सामने आती है। नीब करौरी बाबा और देवराहा बाबा लगभग एक ही दौर में सक्रिय रहे थे।

फिल्म के लिए की जा रही रिसर्च में सामने आए भक्त-संस्मरणों और मौखिक विवरणों में दोनों संतों की मुलाकातों का जिक्र मिलता है। इन विवरणों के मुताबिक नीब करौरी बाबा, देवराहा बाबा का काफी सम्मान करते थे।

 

विज्ञापन

ब्रिटेन और अमेरिका से जुड़े निर्माता
‘मचान बाबा’ को ब्रिटेन में स्थापित भारतीय मूल की कारोबारी पूनम गुप्ता OBE और अमेरिका में रहने वाले उद्यमी विकल्प पालीवाल प्रोड्यूस कर रहे हैं।

ब्रिटेन में ‘Paper Queen’ के नाम से मशहूर पूनम गुप्ता कारोबार की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद इस फिल्म के जरिए फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रख रही हैं। वहीं, लखनऊ में जन्मे विकल्प पालीवाल वर्तमान में ऑस्टिन, टेक्सास में रहते हैं और आईटी तथा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं।

पूनम गुप्ता कहती हैं, “देवराहा बाबा का जीवन आध्यात्मिकता, इतिहास और रहस्य का अनोखा संगम है। हमारी कोशिश उनकी कहानी को श्रद्धा के साथ-साथ गंभीर रिसर्च और सिनेमाई संवेदनशीलता के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने की है।”

दूसरे निर्माता विकल्प पालीवाल के मुताबिक, “यह पूरी तरह भारतीय कहानी है, लेकिन इसमें मौजूद विश्वास, रहस्य और मानवीय जिज्ञासा की अपील वैश्विक है।”

फिल्म ओजस फिल्म्स के बैनर तले बन रही है, जो सॉफ्टवेयर और एआई कंपनी ओजस सॉफ्टेक की फिल्म एवं कंटेंट इकाई है।

मेकर्स का कहना है कि ‘मचान बाबा’ केवल चमत्कारों की कहानी नहीं होगी। फिल्म देवराहा बाबा के जीवन से जुड़े आस्था, इतिहास, राजनीति और उन रहस्यों की पड़ताल करेगी, जिनकी चर्चा उनकी मृत्यु के दशकों बाद भी जारी है।

‘मचान बाबा’ को 2027 में रिलीज करने की योजना है।

जेलर 2 एडवांस बुकिंग: 1600 रुपये तक बिकी रजनीकांत की फिल्म की टिकट, ओपनिंग डे पर हो सकती है इतने करोड़ की कमाई

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें