राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड्स (एनएसजी) ने अपने कैंप का नाम 26/11 के हमलों में शहीद हुए मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के नाम पर रखा है। संदीप के जीवन पर बन रही फिल्म ‘मेजर’ में संदीप का किरदार निभा रहे अभिनेता अदिवि शेष ने इस कैंप की माटी को अपने सिर पर लगा कर फिल्म की रिलीज से पहले आशीर्वाद लिया है। इस दौरान दिवंगत मेजर के माता पिता भी अदिवि के साथ मुंबई के पवई स्थित एनएसजी कैंप पर उनके साथ उपस्थित रहे। दोनों ने अदिवि शेष को अपने बेटे की कहानी को दुनिया भर में पहुंचाने के लिए आशीर्वाद दिया।
शहीद मेजर के माता-पिता को एनएसजी कैंप के अधिकारियों ने राष्ट्रीय नायक की याद के सम्मान में दौरा करने के लिए आमंत्रित किया था। वह पहले से ही 26/11 हमलों के सम्बन्ध में ताज मेमोरियल की यात्रा पर थे। ऐसे में उन्होंने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए अभिनेता अदिवि शेष को भी अपने साथ आने के लिए आग्रह किया। अदिवि शेष फिल्म ‘मेजर’ में उनके बेटे की भूमिका को निभा रहे हैं।
मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की वीरता के बारे में वैसे तो बहुत कुछ लिखा जा चुका है लेकिन लेकिन उनके जीवन के बहुत से अनछुए हिस्सों को फिल्म ‘मेजर’ के जरिए इसके मेकर्स बड़े परदे पर लाने रहे हैं। कई भाषाओं में रिलीज होने जा रही मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की इस अनकही कहानी में दर्शक उनके बचपन, जवानी और सेना में गौरवशाली वर्ष के साथ मुंबई हमले में उनकी वीरतापूर्ण शहादत को देख पाएंगे। शशि किरण टिक्का निर्देशित इस पैन इंडिया फिल्म में अदिवि शेष, सई मांजरेकर, शोभिता धूलिपाला, प्रकाश राज, रेवती और मुरली शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। ये फिल्म अगले साल 11 फरवरी को रिलीज होगी।