अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। इन दिनों अभिनेता अपनी आगामी फिल्म 'मैं अटल हूं' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जीवन पर आधारित है। हाल ही में, एक बातचीत के दौरान अभिनेता ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर बात की और कहा कि वे राम मंदिर का दौरा करने के लिए उत्साहित हैं।
परिवार के साथ करेंगे राम मंदिर का दौरा
पंकज त्रिपाठी हाल ही में दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसमें उन्होंने राम मंदिर जाने की अपनी योजना के बारे में बताया। अभिनेता ने कहा, 'मैं अपने परिवार के साथ राम मंदिर जाने की योजना बना रहा हूं। हालांकि, मैं अक्सर अयोध्या जाता रहता हूं, लेकिन मैं इस बार अपने परिवार के साथ मंदिर के दर्शन करना चाहता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए बिना तीर्थ स्थलों पर जाना पसंद करता हूं।'
यह भी पढ़ें: Animal Sudip Sharma: हथौड़ा त्यागी रचने वाले सुदीप शर्मा को ‘एनिमल’ लगी कमजोर, बोले, मुझे फिल्म पसंद नहीं आई
इन सितारों को मिला न्योता
अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस समारोह में शामिल होने के लिए कई फिल्मी हस्तियों को न्योता भेजा गया है, जिसमें साउथ सुपरस्टार रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, केजीएफ स्टार यश, चिरंजीवी, धनुष, प्रभास, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, माधुरी दीक्षित के नाम शामिल हैं।
पंकज त्रिपाठी का वर्कफ्रंट
पंकज त्रिपाठी के वर्कफ्रंट की बात करें, तो अभिनेता 'मैं अटल हूं' में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित है। यह फिल्म 19 जनवरी 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का निर्देशन मराठी सिनेमा के जाने माने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता रवि जाधव ने किया है। फिल्म की कहानी ऋषि विरमानी और रवि जाधव ने मिलकर लिखी है।
यह भी पढ़ें: Alka Yagnik: अलका याग्निक को याद आए एआर रहमान के साथ काम करने के पुराने दिन, कहा- 'घंटों करना पड़ा था इंतजार'