सुभाष घई द्वारा बनायी जा रही चर्चित फिल्म 'कांची' की कहानी क्या है यह रहस्य बॉलीवुड गलियारों में लंबे समय से बना हुआ है। अब सुभाष ने खुद ही इस फिल्म की कहानी से पर्दा उठा दिया है।
शोमैन उपनाम से चर्चित फिल्मकार सुभाष घई 'कांची' फिल्म बना रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग के लिए वह इन दिनों उत्तराखंड में हैं।
अपनी इस आने वाली फिल्म के रहस्य से पर्दा उठाते हुए सुभाष घई ने कहा कि उनकी यह फिल्म गांव की एक लड़की की कहानी है।
सुभाष घई ने बताया कि ‘कांची’ की कहानी भ्रष्टाचार के खिलाफ और व्यवस्था परिवर्तन के लिए एक गांव की युवती की जंग पर आधारित है।
फिल्म में मुख्य नायिका का किरदार बंगाल मूल की मिष्ठी निभाएंगी। 500 कलाकारों के ऑडिशन के बाद उन्हें इस फिल्म के लिए साइन किया गया है।
फिल्म में ऋषि कपूर और मिथुन चक्रवर्ती खलनायक की भूमिका में हैं। फिल्म की 40 फीसदी शूटिंग पूरी की जा चुकी है।
'प्यार का पंचनामा' और 'आकाशवाणी' फिल्म कर चुके कार्तिक तिवारी फिल्म में हीरो के रूप में दिखेंगे। यह फिल्म इसी साल अगस्त में रिलीज होगी।
सुभाष घई ने कहा कि फिल्मों की शूटिंग के लिए उत्तराखंड एक अच्छी जगह हो सकती है। बावजूद इसके उत्तराखंड सिने पर्दे में उपेक्षित है।
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की सरकार फिल्म निर्माताओं को आमंत्रित करती हैं जबकि उत्तराखंड वाले किसी को बुलाते ही नहीं।