रणबीर और आलिया फिल्मी गलियारों में लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। निजी जिंदगी में जहां दोनों एक्टर्स अपने रिश्ते को लेकर तो चर्चा में रहते ही हैं वहीं दोनों अपनी फिल्म ब्राहस्त्र को लेकर भी खूब लाइम लाइट बटोर रहे हैं। इस फिल्म में पहली बार रणबीर-आलिया साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म में इन दोनों स्टार्स के अलावा अमिताभ बच्चन और नागार्जुन भी अहम किरदार में हैं। अब जल्द ही यह पूरी स्टारकॉस्ट मनाली में शूटिंग के लिए रवाना होने वाली है।
गौरतलब है कि साल 2017 में करण जौहर ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी और फिल्म का निर्देशन का जिम्मा अयान मुखर्जी के सुपुर्द किया था। करीब दो सालों में अब तक इस फिल्म की शूटिंग बुल्गारिया से लेकर लंदन, न्यूयॉर्क, स्कॉटलैंड और वाराणसी में हो चुकी है। अब इस फिल्म की आखिरी शेड्यूल की शूटिंग बाकी है जो मनाली में पूरी होगी। खास बात यह भी है कि मनाली में फिल्म का बहुत ही अहम पार्ट शूट किया जाना है जिसके लिए पूरी स्टारकॉस्ट अगले महीने करीब 15 दिनों के लिए वहीं रहेगी।
दरअसल, मनाली में शिवा का किरदार निभा रहे रणबीर खुद को पहचान पाते हैं। यहीं उन्हें पता चलता है कि उनके भीतर 'अग्नि' है। यह फिल्म तीन पार्ट्स में बन रही है जिसके पहले पार्ट में यही कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में भारतीय पौराणिक कथाओं का भी असर देखने को मिलेगा। वहीं ब्रह्मास्त्र में आलिया भट्ट, ईशा नाम की लड़की का किरदार निभा रही हैं। फिल्म की गुणवत्ता में मेकर्स कोई भी कोताही नहीं बरतना चाहते हैं इसलिए लंदन की एक टीम को फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह फिल्म पहले इस साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होनी थी लेकिन अब यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी।
पढ़ें: हाथ में छलनी लिए चांद देखती दिखीं सोनाक्षी सिन्हा, सभी ‘दबंग’ पत्नियों को दी करवाचौथ की मुबारकबाद