परतापुर रेलवे स्टेशन पर फिल्म सांड की आंख शूटिंग
- फोटो : अमर उजाला
तापसी पन्नू और भूमि पेडनकर की बहुतप्रतीक्षित फिल्म सांड की आंख इस महीने 25 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म दुनिया की सबसे बुजुर्ग शार्प शूटर चंद्रो और प्रकाशी तोमर के जीवन पर आधारित है। लंबे समय से फिल्म अपने अनूठे विषय की वजह से चर्चा में हैं। अब फिल्म रिलीज से पहले ही मेकर्स के लिए एक अच्छी खबर आई है। दरअसल यह फिल्म मुंबई में चल रहे जियो मामी फिल्म फेस्टिवल में आखिरी फिल्म के तौर पर दिखाई जाएगी।
फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, एक निर्माता के तौर पर गर्व महसूस कर रहा हूं कि मुंबई फिल्म फेस्टिवल में पहली फिल्म के तौर पर मूथोन और आखिरी फिल्म के तौर पर सांड की आंख दिखाई जाएगी। गौरतलब है कि अनुराग दोनों फिल्मों के साथ प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हुए हैं। जियो मामी फिल्म फेस्टिवल में इस फिल्म का प्रीमियर 24 अक्टूबर को होगा।
जियो मामी फिल्म फेस्टिवल में फिल्म के चुने जाने को लेकर अनुराग ने कहा, सांड की आंख की कहानी काफी प्रेरित करने वाली है। यह फिल्म लोगों की सोच को बदलने की ताकत रखती है। मैं इस बात से खुश हूं कि फिल्म को जियो मामी फिल्म फेस्टिवल का मंच प्राप्त हुआ है। मैं लोगों की प्रतिक्रिया देखने के लिए उत्साहित हूं। गौरतलब है कि सांड की आंख एक आगामी भारतीय बायोपिक फिल्म है, जो तुषार हीरानंदानी द्वारा निर्देशित और अनुराग कश्यप, रिलायंस इंटरटेनमेंट और निधि परमार द्वारा निर्मित है।