बॉलीवुड अभिनेता करण पटेल टेलीविजन के जाने-माने चेहरों में से एक हैं। 'ये है मोहब्बतें' और 'कस्तूरी' जैसे कई प्रसिद्ध टीवी सीरियल्स में दर्शकों ने करण को बहुत पसंद किया है। नेटिजन्स को करण को टीवी का शाहरुख खान भी कहते हैं। करण पटेल ने हाल ही इस बारे में बात करते हुए बताया कि वह इंडस्ट्री का हिस्सा क्यों बनना चाहते थे।
शाहरुख को लेकर करण ने क्या कहा
करण पटेल ने नेटिजन्स द्वारा खुद को शाहरुख खान कहे जाने को लेकर बातचीत की है। उन्होंने कहा, 'शाहरुख खान से थोड़ी सी भी तुलना होने का मतलब है कि आपने जीवन में कुछ सही किया है। शाहरुख खान ऐसे व्यक्ति हैं, जिनकी मैं पूजा करता हूं। मैं उनका प्रशंसक नहीं, भक्त हूं। मैं उनसे प्यार करता हूं और मैं उनकी पूजा करता हूं। तो, वह सबसे बड़ा कारण है कि मैं इस इंडस्ट्री का हिस्सा बनना चाहता था।'
इंडस्ट्री में दोस्तों पर क्या बोले करण
अभिनेता ने आगे कहा, 'उम्मीद है कि किसी दिन मुझे उनके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिलेगा। हालांकि किसी फिल्म या प्रोजेक्ट की हैसियत से नहीं, लेकिन मैं काफी भाग्यशाली रहा हूं कि मुझे उनके साथ कई बार स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला है।' इसके साथ ही करण ने इंडस्ट्री में अपने दोस्तों के बारे में भी बात की।
सिर चढ़कर बोलने लगी थी सफलता
करण ने कहा, 'इस लिस्ट में सबसे ऊपर अनीता हसनंदानी, एकता कपूर, रवि दुबे और सरगुन मेहता, करणवीर बोहरा, ऋत्विक धनजानी, करण वाही और अली हैं।' अनीता के बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा, 'अनीता और मेरी मुलाकात तब हुई जब वह टीवी शो में वह मुख्य भूमिका निभा रही थीं और मैं एक कैमियो कर रहा था।' उन्होंने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि एक समय पर उनकी सफलता उनके सिर चढ़कर बोलने लगी थी। जिस कारण उनकी छवि खराब हो गई थी।