बॉलीवुड के चमकते सितारे कार्तिक आर्यन लगातार चर्चाओं में बने रहते हैं। हाल ही में कार्तिक आर्यन ने अपने सोशल मीडिया पर निर्माता-निर्देशक करण जौहर के साथ एक मजेदार वीडियो शेयर किया है। ये वीडियो तब का है जब दोनों स्टार 25वें आईफा अवॉर्ड्स के लिए जयपुर पहुंचे थे। इस वीडियो में दोनों एक-दूसरे पर तंज कस रहे हैं और इस बात पर बहस कर रहे हैं कि भारतीय सिनेमा का असली राजा कौन है?
वीडियो की शुरूआत में करण जौहर कार्तिक आर्यन से कहते हैं, “कार्तिक, रॉयल्टी का भी कुछ मतलब होता है। बॉलीवुड का बादशाह मैं हूं, तुम नहीं।” इस पर कार्तिक जवाब देते हुए कहते हैं, “अगर आप बादशाह हो, तो मैं इंडियन सिनेमा का राजकुमार हूं।” इस पर करण कहते हैं, “हे भगवान, तुम और रॉयल्टी? असली रॉयल्टी मैं हूं।” जिसके बाद भूल भूलैया 3 स्टार कार्तिक करण जौहर के ट्रांसफॉर्मेशन और उनके दुबले होने पर मजाकिया लहजे में तंज कसते हुए कहते हैं, “आप इतने पतले कैसे हुए हो? ऐसा लग रहा है किसी ने करण भेज दिया है, और जौहर अभी बाकी है।”
करण ने कार्तिक की फिल्म का उड़ाया मजाक
आगे करण जौहर कार्तिक पर मजाकिया लहजे में सख्त होते हुए 2023 में आई कार्तिक की फ्लॉप फिल्म ‘शहजादा’ पर तंज कसते हुए कहते हैं, “ओह मिस्टर कैजादा।” जिस पर कार्तिक कहते हैं, “जोक शहजादा पर बनता है, उस पर होना चाहिए।” इस पर करण जौहर कहते हैं, “उस पर कुछ नहीं बनता है।”
यह खबर भी पढ़ें: Kissik: 'पुष्पा 2' के 'किसिक' गाने की धूम, अब इसी पर रखा गया फिल्म का टाइटल, जानिए
2021 में करण-कार्तिक के बीच हो गई थी अनबन
कार्तिक आर्यन और करण जौहर के बीच तब रिश्तों में तल्खियां आने की खबरें सामने आई थीं जब 2021 में कार्तिक आर्यन को करण जौहर की फिल्म ‘दोस्ताना 2’ से बाहर कर दिया गया था। फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी थी, लेकिन बाद में कार्तिक को हटा दिया गया था। जिसके बाद इन दोनों के बीच अनबन की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी इसके पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया था।
यह खबर भी पढ़ें: Pritam: ब्लैकपिंक स्टार जेनी पर लगे साहित्यिक चोरी के आरोपों पर प्रीतम ने दी प्रतिक्रिया, लोगों से की ये अपील
करण की फिल्म में नजर आएंगे कार्तिक
2023 में कार्तिक आर्यन के जन्मदिन के मौके पर करण जौहर ने कार्तिक के साथ अपनी नई फिल्म की घोषणा करके दोनों के बीच फिर से दोस्ती हो जाने का संकेत दिया था। करण ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अभिनेता के साथ एक फिल्म की घोषणा की थी। जिसके बाद दोनों के बीच की अनबन पूरी तरह से खत्म हो गई है। अब दोनों 2025 के आईफा अवॉर्ड्स को भी होस्ट करते दिखेंगे।