श्रद्धा कपूर और उनके भाई सिद्धार्थ कपूर ने अब लगता है कि अपने पापा शक्ति कपूर को टक्कर देने की ठान ली है। शक्ति कपूर पर्दे पर नकारात्मक किरदार करने के लिए मशहूर रहे हैं। उन्होंने विलन के रोल खूब किए और उनको पसंद भी खूब किया गया। शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर फिल्मों में जबरदस्त कामयाबी पा रही हैं।
वहीं श्रद्धा के भाई सिद्धार्थ अभी फिल्मों में पैर जमाने की कोशिश कर रहे हैं। अब इस बहन-भाई की जोड़ी के हाथ एक बड़ा मौका आया है। अपूर्व लखिया की फिल्म 'हसीना' में दोनों साथ काम करेंगे। 'हसीना' अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम की बहन हसीना पार्रिकर की जिंदगी पर आधारित होगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, फिल्म में श्रद्धा कपूर हसीना का रोल करेंगी जबकि सिद्धार्थ दाऊद इब्राहिम के रोल में नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर अपूर्व काफी समय से मेहनत कर रहे हैं। पहले फिल्म में हसीना के रोल के लिए सोनाक्षी सिन्हा का नाम सामने आया था लेकिन उनके साथ तारीखें फाइनल ना हो सकीं। अब श्रद्धा और सिद्धार्थ का नाम फिल्म के लिए फाइनल माना जा रहा है।