बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत आए दिन अपने किसी ने किसी बयानों और टिप्पणी के चलते विवादों में रहती हैं। बीते दिनों किसानों पर दिए अपने विवादित बयान के बाद से ही वह लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। इसी बीच अभिनेत्री आज एक बार फिर सुर्खियों में छाई हुई हैं। दरअसल, पंजाब पहुंची अभिनेत्री की गाड़ी को किसानों की भीड़ ने घेर लिया और जाम लगाकर उन्हें आगे जाने से रोक दिया।
इस पर अभिनेत्री ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि, 'जैसे ही मैंने पंजाब में कदम रखा कुछ लोगों की भीड़ ने मुझ पर हमला कर दिया। यह लोग खुद को किसान कह रहे हैं।' वीडियो के जरिए कंगना ने अपनी कार रोके जाने पर किसानों पर अपना गुस्सा निकाला। सोशल मीडिया पर शेयर कर किए गए वीडियो में अभिनेत्री ने कहा कि 'मैं अभी हिमाचल से निकली हूं, क्योंकि मेरी फ्लाइट कैंसिल हो गई है। लेकिन यहां पंजाब आते ही कुछ लोगों ने मुझे रोक लिया। यह लोग मुझे गंदी गालियां दे रहे हैं और मुझे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।'