टी- सीरीज की नौकरी छोड़ने के बाद अपनी खुद की फिल्म निर्माण कंपनी भानुशाली स्टूडियोज खोलने वाले निर्माता विनोद भानुशाली ने महीने भर के भीतर ही दूसरा सिक्सर मार दिया है। विनोद ने अपनी कंपनी की दूसरी फिल्म 'जनहित में जारी' गुरुवार को घोषित की। ये फिल्म पहले लेखक-निर्देशक राज शांडिल्य बतौर निर्माता खुद बना रहे थे लेकिन अब उनकी टीम के साथ विनोद भानुशाली जैसा बड़ा नाम जुड़ने से फिल्म के सारे समीकरण ही बदल गए हैं। फिल्म 'जनहित में जारी' में भी अन्नू कपूर एक खास किरदार में होंगे, इससे पहले अपनी कंपनी खोलने के दिन ही विनोद भानुशाली ने जो फिल्म 'सब मोह माया है' घोषित की थी, उसमें भी अन्नू कपूर और शरमन जोशी की जोड़ी काम कर रही हैं।
गुरुवार को विनोद ने फिल्म 'जनहित में जारी' की घोषणा इसके पोस्टर के साथ की। फिल्म लीड किरदार नुसरत भरूचा निभा रही हैं और उनके साथ फिल्म में अन्नू कपूर और परितोष त्रिपाठी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। हंसी मजाक से भरपूर फिल्म 'जनहित में जारी' की शूटिंग भी गुरुवार से मध्य प्रदेश के चंदेरी में शुरू हो गई।
फिल्म 'जनहित में जारी' को लिखा इसके सह निर्माता राज शांडिल्य ने ही है और इसके निर्देशन का जिम्मा नवोदित जय बंटू सिंह को मिला है। भानुशाली स्टूडियोज़ लिमिटेड के साथ इस फिल्म में थिंक इंक पिक्चर्स और श्री राघव एंटरटेनमेंट एलएलपी भी साझीदार होंगे। विनोद भानुशाली की बतौर निर्माता पहली फिल्म 'सब मोह माया है' पिता-पुत्र के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमनी फिल्म है, जबकि फिल्म 'जनहित में जारी' की कहानी अलग ही रंग की है। ‘अमर उजाला’ अखबार में छपने वाले नियमित कॉलम के नाम से प्रेरित इस फिल्म के पोस्टर और इसके कथानक को लेकर राज शांडिल्य के खिलाफ एक लेखक दीपक सिंह ने कानूनी कार्रवाई करने की नोटिस भी बीते दिनों भेजी थी।
भानुशाली स्टूडियो की स्थापना के बाद से ही विनोद भानुशाली के पास फिल्म इंडस्ट्री के बड़े बड़े सितारों का आना जाना लगा हुआ है। लेकिन, विनोद भानुशाली कहते हैं, "मुझे जमाने के चलने के हिसाब से ही नहीं बल्कि चलन को नई चाल देने वाली फिल्में भी बनानी हैं। जैसे विदेश में आने वाले समय में लोगों की पसंद पर असर डालने वाले कारकों पर लंबी रिसर्च के बाद फिल्मों की स्लेट तैयार होती है, मेरा इरादा भी हिंदी सिनेमा को दर्शकों की पसंद से जोड़ने का है। भानुशाली स्टूडियोज ऐसी फिल्में बनाने के संकल्प के साथ शुरू हुआ है जिसमें समाज के सारे रंग दिखें और दर्शक भी अपने आसपास की इन कहानियों की अंतर्धारा से खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर सके। मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकार ही भानुशाली स्टूडियोज की पहचान बनेंगे।"