इमरान खान अनुष्का शर्मा के साथ विशाल भरद्वाज की फिल्म 'मटरू की बिजली का मंडोला' में साथ नज़र आयेंगे। इस फिल्म में अनुष्का और इमरान के बीच लिप लॉक सीन भी फिल्माया गया है। इमरान का कहना है कि इस सीन को परफॉर्म करते हुए वे बहुत ज्यादा असहज हो गए थे।
इमरान कहते हैं की आमतौर पर हम रोमांटिक या इंटिमेट उन्हीं लोगों के साथ होते हैं जिनसे हम प्यार करते हैं लेकिन हम एक्टर्स को तो ऐसे सीन करने के लिए हमेशा तैयार रहना होता है। मैं भी इस बात को मानता हूँ लेकिन इस फिल्म की शूटिंग के दौरान जब मुझे अनुष्का को किस करने को कहा गया तो मैं असहज हो गया। मुझे बहुत बुरा लग रहा था वो इसलिए क्यूंकि मैं अनुष्का को पहले से नहीं जनता था। हाँ मैंने उनकी फिल्में देखी हैं और वो बहुत अच्छी एक्ट्रेस हैं। लेकिन पर्दे पर इंटिमेट सीन करने के लिए आपका और दुसरे कलाकार के बीच एक कम्फर्ट जोन ज़रूर होना चाहिए।
करीना ने कहा, बाल नहीं कटवाऊंगी मैं
करीना, प्रकाश झा की फिल्म 'सत्याग्रह' में एक जर्नालिस्ट के किरदार को निभाती नजर आएंगी। उनका यह किरदार बहुत हद तक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जर्नालिस्ट क्रिस्टिन एमनपोउर पर बेस्ड बताया जा रहा है। क्रिस्टिन अपने बेहतरीन रिपोर्टिंग के साथ अपने छोटे बालों वाली लुक के लिए भी जानी जाती हैं। रोल में रियल टच देने के लिए प्रकाश झा ने करीना से बाल कटवाने के लिए कहा। पर यह क्या करीना ने इससे साफ मना कर दिया। करीना का कहना है कि मैं किसी भी हाल में अपने बाल नहीं कटवाऊंगी क्योंकि लंबे बाल एक एक्ट्रेस की पहचान होती है। करीना ने कहा कि इसके अलावा मैं एक शैम्पू के ब्रांड के साथ भी जुड़ी हुई हूं, ऐसे में मैं अपने बालों को छोटे नहीं करवा सकती हूं।
आजकल नमक नहीं खा रहे रणवीर सिंह
संजयलीला भंसाली की फिल्म 'रामलीला' के लिए इन दिनों रणवीर सिंह जबरदस्त डाइट पर हैं। जिस तरह की बॉडी भंसाली को इस फिल्म के लिए चाहिए उसे पाने के लिए रणवीर ने नमक तक खाना छोड़ दिया है। रणवीर के डाइटिशियन ने सख्त हिदायत दी है कि सिर्फ एक्सरसाइज नहीं बल्कि डाइट पर भी उन्हें कंट्रोल करना होगा तभी वे फिल्म में परफेक्ट नजर आएंगे। वैसे रणवीर को इस रूटिंग को फॉलो करने में खुद पर काफी कंट्रोल रखना पड़ रहा है। शूटिंग के दौरान हुए ब्रेक में भंसाली ने पूरी यूनिट को बिरयानी की ट्रीट दी थी लेकिन रणवीर ने एक भी निवाला नहीं लिया। बहरहाल रणवीर के इस डेडिकेशन को देखने के बाद भंसाली ने उनसे वादा किया कि शूटिंग पूरी हो जाने के बाद वे रणवीर को उनके मनपसंद होटल में ले जाकर जो भी अच्छा लगता है खिलाएंगे।
अक्की ने जम कर सबको बांटा बोनस
अभी हाल ही में अजय देवगन ने 'सन ऑफ सरदार' की टीम को एक अखबार के विज्ञापन में थैंक्स कह कर उनका मान बढ़ाया तो अक्षय कुमार भला पीछे क्यों रहते? उऩ्होंने भी अपने टीम के मेंबर्स को खुश कर दिया है। जी हां, खबर है कि अक्की ने अपने टीम के टेक्निशियन को इस बार लाखों में बोनस दिया है। फिल्म 'खिलाड़ी 786' में काम कर रहे सभी तकनीशियन को लगभग 12 लाख रुपये बोनस में मिले हैं। अक्की मानते हैं कि फिल्म के कुछ दृश्य काफी टफ थे। लेकिन तकनीशियन भाइयों ने ऐसी करामात की वे कमाल के नजर आने लगे। लिहाजा अक्की बेहद खुश हैं। सो, उन्होंने काम के आखिरी दिन सबको बुलाकर गले लगाया और बोनस दिया। अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हेड राजेंद्र तोरश्कर ने बताया कि अक्की ने ऐसा पहली बार नहीं किया है।
चिल्लाते-चिल्लाते चली गयी इमरान की आवाज
जबसे 'शंघाई' जैसी फिल्मों में इमरान हाशमी की एक्टिंग की तारीफ हुई है अपने ऐक्टिंग को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से लेने लगे हैं। कई बार तो वे भूल जाते हैं कि वे अभिनय कर रहे हैं। इमरान इन दिनों राजकुमार गुप्ता की फिल्म 'घनचक्कर' की शूटिंग में व्यस्त हैं। वे इस फिल्म में बिल्कुल अलग अंदाज में दिखेंगे। इसलिए वे अपने किरदार पर काफी ध्यान दे रहे हैं। फिल्म की शूटिंग के दौरान एक सीन में उन्हें जोर जोर से चिल्लाना था। बस क्या था उन्होंने इतना एक्स्ट्रा एफर्ट लगा दिया। कि चिल्लाते चिल्लाते और बार-बार रीटेक देने की वजह से इमरान की आवाज बुरी तरह बैठ गयी है। अब उनके गले से ठीक से आवाज ही नहीं निकल रही। मगर तारीफ करनी होगी कि उन्होंने करन जौहर की फिल्म 'उंगली' की शूटिंग कैंसल करने की बजाय वे सारे शॉट दिये, जिसमें उन्हें बोलना नहीं था।
अब किसी से पंगा नहीं चाहते संजू बाबा
संजू बाबा दरियादिल तो शुरू से ही रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने अपना स्वभाव भी बदल लिया है। जानकारों का कहना है कि वे पहले की तुलना में काफी शांत हो गए हैं। यही वजह है कि उन्होंने निर्देशक संजय गुप्ता को माफ कर दिया है। एक फिल्म के निर्माण-निर्देशन के मामले में संजय से उनका छत्तीस का आंकड़ा हो गया था। तीन साल से दोनों के बीच बोलचाल भी बंद थी। अब संजू बाबा ने संजय गुप्ता को पूरी तरह माफ कर दिया है। संजू का कहना है कि वक्त के साथ सभी के विचार बदलते हैं। गलतियां सभी से होती हैं, इसलिए उन्हें पकड़कर नहीं बैठना चाहिए। संजय के बारे में संजू बाबा का यह भी कहना है कि वे बॉलीवुड के बेहतरीन तकनीशियन हैं। संभव है कि वे आगे भी साथ में काम करें।