मलयालम फिल्मों की फेमस एक्ट्रेस के अपहरण केस ने एक नया मोड़ ले लिया है। अब मलयालम एक्टर दिलीप ने कहा है, इस मामले की जांच के लिए वो पुलिस को सहयोग देने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। दिलीप ने अपने फेसबुक पेज पर मलयालम भाषा में एक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा कि वो इस केस में शामिल नहीं हैं और ये साबित करने के लिए वो नार्को, ब्रेन मैपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने के लिए भी तैयार हैं।'
दरअसल, पहले ही इस केस में एक नया खुलासा हुआ था जिसमें मलयालम फिल्मों के एक्टर नादिर शाह ने बताया कि उनके पास मुख्य आरोपी पल्सर सोनी के एक करीबी का फोन आया था, जिसने बताया कि इस मामले में केरल के सुपरस्टार दिलीप भी मिले हुए हैं और वो दिलीप को ब्लैकमेल कर रहा था। बहराल बताया जा रहा है कि दिलीप ने उस शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज का दी है।
दिलीप ने आगे लिखा कि ये सब इंडस्ट्री के कुछ लोगों द्वारा उनका करियर खराब करने के लिए रचा गया षडयंत्र है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि कुछ मीडिया चैनल भी उन लोगों से मिले हुए हैं।
दिलीप ने लिखा, 'मैं चाहता हूं कि सब के साथ अच्छा हो। लेकिन कुछ मीडिया साइट्स और सोशल नेटवर्किंग ग्रुप मेरी छवि खराब करना चाहते हैं। कई चैनलों पर हुई डिबेट्स में भी मेरी छवि बिगाड़ने की कोशिश की गई है। जो लोग मेरे खिलाफ हैं मैं उनसे बस एक बात ही कहना चाहता हूं, मैं किसी भी टेस्ट के लिए तैयार हूं। मैं बस अपनी बेगुनाही साबित करना चाहता हूं।'