अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज ने साल 2023 में अपने बच्चे कोआ फीनिक्स डोलन का स्वागत किया था और तब से अभिनेत्री अपनी मातृत्व यात्रा को सोशल मीडिया पर साझा कर रही हैं। हाल ही में, एक इंटरव्यू में इलियाना ने खुलासा किया कि वे अब अपने बच्चे को लेकर माइकल डोलन के साथ अमेरिका रहने के लिए चली गई हैं। आइए जानते हैं अभिनेत्री ने और कौन से खुलासे किए हैं।
हाल ही में, एक इंटरव्यू में इलियाना ने कहा, "मुझे नवंबर, 2022 में प्रेगनेंसी का पता चला था। बीता साल प्रेग्नेंसी और फिर अमेरिका में शिफ्ट होने के साथ कब बीत गया, पता ही नहीं चला।" उन्होंने कहा, "मैं अपनी मां की शुक्रगुजार हूं, जो उस समय मेरे साथ थीं। उनके बिना यह सब संभव ही नहीं होता। मेरी प्रेग्नेंसी भी आसान नहीं थी। मुझे बस डॉक्टरों ने आराम करने को कहा था। मां साथ न होती तो मैं कुछ न कर पाती।"
विज्ञापन
मां बनने के बाद इलियाना की जिंदगी में आए बदलाव
अभिनेत्री ने आगे कहा, "मां बनने के बाद आपकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। आपके जीवन में खुशहाली के साथ-साथ कई सारे तनाव भी आते हैं। हालांकि, मेरे लिए यह तनाव कोई नया नहीं था। इस दौरान मुझे अपने बेटे की याद आ रही थी। यह कहते हुए शायद लोग मुझे बेवकूफ कहेंगे, लेकिन मेरा बेटा दूसरे ही कमरे में था। इसके बावजूद मुझे उसकी याद आ रही थी।"
माइकल संग अपने रिश्ते का किया खुलासा
इलियाना ने यह भी कहा कि मां बनने के बाद ऐसी भावनाओं से गुजरना जायज है। मैं ऊपर वाले की शुक्रगुजार हूं कि मुझे माइकल जैसे शानदार हमसफर मिले, जो बिना कुछ कहे मेरी भावनाओं को समझ जाते हैं। इलियाना को माइकल से बिना शादी के मां बनने पर खूब विवादों से होकर गुजरना पड़ा था। प्रतिक्रिया देते हुए इलियाना ने कहा, "कुछ चीजें रहस्य ही रहनी चाहिए। मुझे बड़ा बुरा लगा था, जब लोग मेरे साथ-साथ मेरे परिवार और माइकल के बारे में अनाप-शनाप बोल रहे थे। मैं खुद के बारे में गलत सुन सकती हूं, लेकिन अपने परिवार के बारे में नहीं।"