धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की लाडली एशा देओल (Esha Deol) को त्योहारों से शुरू से लगाव रहा है। वह फिल्मों में हों, या फिल्मों से दूर हों, उनका त्योहार मनाने का सिलसिला कभी थमा नहीं। एशा इन दिनों अजय देवगन की पहली वेब सीरीज ‘रुद्र’ में मौका मिलने से फिर से सुर्खियों में हैं और इस साल वह नवरात्रि एक अलग तरह से मना रहीं हैं। नौ देवियों की उपासना के पर्व नवरात्रि के पावन मौको को एशा ने नौ अलग अलग रंगों के साथ मनाने की तैयारी कर रखी है। एशा ने सोशल मीडिया पर अपनी फोटो शेयर कर सबको नवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं। पूरी नवरात्रि एशा अपने चाहने वालों के लिए हर दिन एक नए रंग में नजर आएंगी।
एशा देओल ने इंस्टाग्राम पर पीले परिधानों में में बेहद खूबसूरत फोटो शेयर की है। इस फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है ‘इस साल नवरात्रि की शुरुआत वाइब्रैंट कलर पीले रंग से हो रही है। पीला रंग खुशी और ऊर्जा का प्रतीक है। नवरात्रि के पहले दिन हम मां शैलपुत्री की पूजा करते हैं जिन्हें पार्वती या शक्ति के नाम से जाना जाता है. वह मुझे अपने साहस और करुणा की वजह से आकर्षित करती हैं। मैं हिमालय की बेटी को नमन करती हूं। आप हम सबको मुश्किलों के पहाड़ को पार करने की शक्ति प्रदान करें।’
जानकारी के मुताबिक एशा देओल एक उभरते फैशन डिजाइनर के साथ मिलकर नारी शक्ति के पर्व नवरात्रि को थोड़ा अलग तरीके से मना रहीं हैं। नौ अलग अलग रंगों की खासियत के बारे में बातें करते हुए एशा इस दौरान नौ अलग अलग रंगों के परिधानों में में नजर आएंगी। हर रंग की अलग-अलग महिमा है। नारंगी, सफेद, नीला, लाल, चटख नीला, पीला, हरा, धूसर, बैंगनी और गुलाबी रंग को क्रमश: ऊर्जा, शुद्धता, निर्भीकता, समृद्धि, खुशी, बढ़ोत्तरी, ताकत, बुद्धि और करुणा का प्रतीक माना जाता है।
एशा देओल अपनी इस पहल के बारे में कहती हैं, ‘नवरात्रि में हम रंगों के माध्यम से देवी के नौ अवतारों से प्रार्थना करते हैं जो अलग-अलग मूड और एनर्जी को दिखाता है। मेरी मां, अहाना और मैं पिछले कई बरसों से इसे नृत्य के साथ सेलिब्रेट कर रहे हैं। ये फेस्टिवल हमारे दिल के करीब है। इस साल कोरोना महामारी की वजह से हम अपना डांस प्रोग्राम नहीं कर सकते इसलिए मैंने अपनी टीम के साथ कुछ ऐसा करने का फैसला किया है जो महिला शक्ति और जेंडर इक्वालिटी के बारे में बात कर सके।’