कोरोना वायरस देश की कई बड़ी हस्तियों को अपना शिकार बना चुका है। वहीं इस खतरनाक वायरस ने आम से लेकर खास तक, लाखों को लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। अब साउथ सिनेमा के मशहूर निर्माता-निर्देशक सिंगीतम श्रीनिवास राव भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। सिंगीतम श्रीनिवास राव 88 साल के हैं।
कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी सिंगीतम श्रीनिवास राव ने खुद सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर अपना एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने बताया है कि हल्के लक्षण के बाद उन्होंने कोविड-19 की जांच करवाई। जिसमें वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। फिलहाल सिंगीतम श्रीनिवास राव अपने घर में ही क्वारंटीन हैं।
सिंगीतम श्रीनिवास राव ने वीडियो में बताया है कि वह डॉक्टर से सलाह लेने के बाद घर में ही क्वारंटीन हुए हैं। उन्होंने दो हफ्ते के लिए क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई है। जिसका समय 22 सितंबर को खत्म होगा। वीडियो में सिंगीतम श्रीनिवास राव ने बताया कि मीडिया के कई लोग उन्हें जन्मदिन से पहले की कॉल कर रहे हैं, लेकिन नौ सितंबर से क्वारंटीन में रहने की वजह से वह किसी की कॉल का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।