सीएए और एनआरसी की पृष्ठभूमि में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन और दंगों पर आधारित फ़िल्म '2020 दिल्ली' की शूटिंग गुरुवार से शुरू हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक यह एक सोशल-थ्रिलर फ़िल्म है जिसे वन टेक में शूट किया जाएगा। इस फिल्म के निर्देशन की कमान देवेंद्र मालवीय ने संभाली है। फिल्म में बृजेंद्र काला, चेतन शर्मा, आकाशदीप अरोड़ा, सिद्धार्थ भारद्वाज, भूपेश सिंह और समर जय सिंह की अहम भूमिकाएं हैं।
फिल्म की टीम से मिली जानकारी के मुताबिक इस फिल्म की शूटिंग स्टार्ट टू फ़िनिश शेड्यूल के आधार पर इंदौर में की जाएगी। फिल्म '2020 दिल्ली' सत्य घटनाओं से प्रेरित है और फिल्म में कई सत्य घटनाओं जैसे 'नमस्ते ट्रम्प' इवेंट को बेहद मनोरंजक और रोमांचक तरीके से फ़िल्म में पेश किया जाएगा। इसकी कहानी साल 2022 में 24 फरवरी को 12 घंटे के घटनाक्रम और विरोध प्रदर्शन की शुरुआत पर फोकस करती है।
फिल्म के निर्देशक देवेंद्र मालवीय कहते हैं, ‘हम पूरी मेहनत और लगन के साथ एक टेक में ही पूरी फिल्म को शूट करने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी कहानी ऐसे दो शख़्सों के इर्द-गिर्द घूमती है जो एक नियत जगह पर किसी कारणवश बुरी तरह से फंस जाते हैं। फिल्म में किसी तरह का कट नहीं है। ऐसे में इसे देखने का दर्शकों का रोमांच कई गुना और बढ़ जाएगा। ये प्रकिया बेहद जटिल है मगर पूरी टीम ने पूरी शिद्दत के साथ मेहनत कर रही है, जिसका नतीजा दर्शकों को पर्दे पर देखने को मिलेगा।’