21 साल की युवा गायिका ध्वनि का हाल ही में एक सिंगल गाना 'ना जा तू' रिलीज हुआ है, जो यूट्यूब पर इस साल का एक दिन में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला गाना बन गया। इसी गाने को लेकर अमर उजाला से हुई खास बातचीत में ध्वनि भानुशाली ने कहा कि अगर उन्हें समय में पीछे जाने का मौका मिले तो वह अपने गानों पर रेखा और सायरा बानो को प्रस्तुति देते देखना चाहेंगी। वह कहती हैं, 'मुझे रेखा जी और सायरा बानो जी बहुत पसंद हैं। मैं बचपन से ही उनकी फिल्में और उन पर फिल्माए गाने देखती आई हूं। इसलिए मेरी दिली ख्वाहिश है कि मैं उन्हें अपने गाने पर प्रस्तुति देते हुए देखूं।'
ध्वनि आगे कहती हैं, 'मेरा सपना है कि मैं एक पॉप आइकॉन बनूं। इसकी शुरुआत तो मैंने कर दी है। अगर भगवान की कृपा रही और सबकुछ ठीक रहा तो मैं जल्द ही अपने सपने पूरे कर लूंगी।' बता दें कि ध्वनि ने इससे पहले दो सिंगल गाने 'लेजा रे' और 'वास्ते' गाए हैं, जिनको यूट्यूब पर एक अरब से भी ज्यादा बार देखा गया है।