अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अपनी दमदार अदाकारी के दम पर इंडस्ट्री में खास जगह बनाई हैं। अभिनेत्री होने के साथ-साथ वे प्रकृति के भी काफी करीब हैं और अक्सर पर्यावरण के मुद्दे पर अपनी राय व्यक्त करती नजर आती हैं। हाल ही में, एक बातचीत के दौरान दीया ने अपने करियर के बारे में खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने फर्जी खबरों पर चिंता जाहिर की।
इंडस्ट्री में ही सीखा काम करना
दीया से जब पूछा गया कि क्या वे अपनी फिल्मी यात्रा के किसी हिस्से को बदलना चाहेंगी? अभिनेत्री ने जवाब देते हुए कहा, 'मैं इंडस्ट्री में बिना किसी तैयारी के आई थी। इंडस्ट्री में आकर ही मैंने काम करना सीखा है। हालांकि, मैं अपनी खूबियां जानती थी। इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए अच्छी शिक्षा और आवाज का सही होना जरूरी है, यही आपको आगे बढ़ने में मदद करती है। मेरे करियर के शुरुआती आठ से दस वर्ष मुझे खुद को निखारने में लगे हैं'।
यह भी पढ़ें: अंकिता लोखंडे को हुआ गलतियों का अहसास? एक्ट्रेस ने ससुराल वालों से हाथ जोड़कर मांगी माफी
फर्जी खबरों से जूझते हैं कलाकार
अभिनेत्री से आगे पूछा गया कि इंडस्ट्री में वह कौन सी चीज है, जो आपको पसंद नहीं है? दीया ने जवाब देते हुए कहा, 'सिनेमा में फर्जी खबरे सबसे ज्यादा सुनने को मिलती हैं। इंडस्ट्री में कलाकारों को फर्जी खबरों से जूझना पड़ता है, जो मुझे बिल्कुल भी पसंद नहीं है।' उन्होंने अपनी असुरक्षाओं के बारे में बात करते हुए कहा, 'असुरक्षा का डर तो बचपन से बना रहता है। जब मैं छोटी थी, तो खोने का डर रहता था। वहीं, बड़ी हुई, तो रिजेक्शन का डर और अब एक उम्रदराज उद्योग में अवसर खोने का डर बना रहता है।'
दीया मिर्जा का वर्कफ्रंट
दीया मिर्जा के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेत्री आखिरी बार रत्ना पाठक शाह, फातिमा सना शेख और संजना सांघी के साथ फिल्म 'धक धक' में नजर आई थीं। इसके अलावा दीया अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित फिल्म 'भीड़' का भी हिस्सा थीं। वे ओटीटी शो 'मेड इन हेवन' के दूसरे सीजन में भी नजर आई थीं।
यह भी पढ़ें: Bhupiner Babbal: 'अर्जन वैली' ने बदली बरसों से जूझते पंजाबी गायक की तकदीर, हिट लिस्ट में अब भी गाना नंबर वन