सब्यसाची, रितु कुमार, मनीष मल्होत्रा
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड में काम करने वाले देश के तीन मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा, सब्यसाची और रितु कुमार का नाम सुर्खियों में छा गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तीनों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। मामला पंजाब के एक नेता से लाखों रुपये अवैध तौर पर लेने का है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों फैशन डिजाइनर को अलग-अलग तारीख पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय पर इन्हें तलब किया गया है। पंजाब कांग्रेस से जुड़े विधायक ने अवैध तौर पर लाखों रुपये इन्हें नकद दिए थे।
इस अवैध लेनदेन में पंजाब के जिस विधायक का नाम आ रहा है, उनसे भी ईडी पूछताछ कर रही है। उनके बैंक खातों की जांच के दौरान ऐसे कुछ लेनदेन का खुलासा हुआ, जिसके बाद ईडी ने तीनों फैशन डिजाइनर तो तलब किया है।
मनीष मल्होत्रा, सब्यसाची और रितु कुमार बॉलीवुड कलाकारों की बड़ी हस्तियों और राजनीतिक वर्ग के भी नामचीन नेताओं के कपड़े डिजाइन करते हैं। सिर्फ यही नहीं इन्हें अक्सर देश-विदेश के बड़े फैशन शो में भी देखा जाता है।
फैशन शो के अलावा इनके डिजायनर ब्रांड की कीमत लाखों करोड़ों में होती है। जांच एजेंसी के सूत्रों की मानें तो इनकम टैक्स विभाग की टीम जल्द ही पंजाब में रहने वाले विधायक और तीनों फैशन डिजाइनरों और उनकी कंपनी के खिलाफ टैक्स चोरी का मामला दर्ज कर सकती है।