हिंदी सिनेमा के मशहूर सिनेमैटोग्राफ जॉनी लाल का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में जॉनी लाल कोरोना का शिकार हो गए थे। ऐसे में होम क्वारंटीन होकर वो घर पर भी अपना इलाज करा रहे थे। लेकिन बुधवार को जॉनी लाल ने मुंबई में अपने घर पर दम तोड़ दिया। जॉनी पिछले दो हफ्तों से कोरोना वायरस से जूझ रहे थे। इस खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है। बॉलीवुड अभिनेता आर माधवन ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस खबर की जानकारी दी है।
आर माधवन ने ट्वीट कर लिखा, 'त्रासदियों की गाथा फिलहाल जारी है, हमने एक अद्भुत व्यक्ति को खो दिया है। जो रहना है तेरे दिल में DOP थे। आपकी आत्मा को शांति मिले जॉनी लाल सर। आपकी विनम्रता, दयालुता और प्रतिभा हम सबको बहुत याद आएगी। आपने इतनी खूबसूरती से रहना है तेरे दिल में काम किया, जो हमारे मन में बस गया है। आपको स्वर्ग में जगह मिले। मन उदास और दुखी है।
जॉनी लाल ने आर माधवन स्टारर फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' और तुषार कपूर स्टारर फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' जैसी फिल्मों के लिए सिनेमाटोग्राफी की थी। अभिनेता तुषार कपूर ने लिखा, 'RIP जॉनी सर, मुझे कुछ कहना है बनाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। जिस तरह से आपने इसे बनाया वो आज भी मेरी यादों में ताजा है। धन्यवाद मेरी फिल्म में इम्परफेक्टनिस को छिपाने के लिए, मेरी पहली फिल्म के दौरान ये एक युवा की तरह दिखते थे।'
बता दें कि सिनेमाटोग्राफर जॉनी लाल जाने-माने डीओपी कबीर लाल और आमिर लाल के भाई थे। खबरों की मानें तो जॉनी लाल पिछले महीने अपने अगली फिल्म के लिए उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में और फिर मुंबई में शूटिंग की थी। कहा जा रहा है कि मुंबई में इसी फिल्म फिल्म की शूटिंग शेड्यूल के दौरान ही जॉनी लाल बीमार पड़ गए थे। ऐसे में उन्हें फिल्म बीच में ही छोड़नी पड़ी थी। इसके बाद सिनेमाटोग्राफ भाई आमिर लाल ने फिल्म के आगे की शूटिंग पूरी की थी।