अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'गब्बर इज बेक' में आइटम सॉन्ग करने वाली एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह अब 'बाजार' में लीड रोल करते नजर आएंगी। निखिल अडवाणी की इस फिल्म में सैफ अली खान लीड रोल में हैं। फिल्म की शूटिंग पिछले हफ्ते से शुरू हो गई है। इसका पहला शूट मुंबई के एक मॉल में किया गया। अब ये खबर आई है कि मेकर्स ने सैफ की पत्नी के रोल में चित्रांगदा सिंह का नाम फाइनल किया है।
बता दें कि चित्रांगदा से पहले फिल्म में लीड एक्ट्रेस के लिए प्राची देसाई का नाम सामने आ रहा था। लेकिन फिल्ममेकर्स का कहना है कि इसके लिए हमेशा से ही चित्रांगदा उनकी पहली पसंद रही हैं।
फिल्म का पोस्टर इस महीने के शुरुआत में ही रिलीज किया गया है। फिल्म में सैफ अली खान बिजनेस मैन के रोल में नजर आएंगे। साथ ही राधिका आप्टे उनकी सेक्रेट्री बनी हैं। फिल्म के प्रोड्यूसर निखिल ने कहा, 'हमारी कास्ट फिल्म को लेकर उत्साहित है जिसे देखकर मैं बहुत खुश हूं। फिल्म में सैफ, चित्रांगदा, राधिका और रोहन मेहरा हैं। शूटिंग अभी शुरू ही हुई है और हम इसे अगस्त तक खत्म कर लेंगे और दिसम्बर में इसके रिलीज होने की संभावना है।'
प्राची के बारे में बात करते हुए उन्होंने बताया, 'हां, प्राची मेरे प्रोडक्शन हाउस के साथ काम करना चाहती हैं लेकिन वो दूसरा प्रोजेक्ट है। जहां तक 'बाजार' में मंदीरा के किरदार की बात है तो हमारे डायरेक्टर गौरव के. चावला ने मुझे चित्रांगदा के नाम का सुझाव दिया।'