बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का मानना है कि शिक्षा हर बच्चे का मूलभूत अधिकार है और उन्हें ये जरूर मिलनी चाहिए। इसी के चलते उन्होंने गरीब और असहाय बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठाने का जिम्मा लिया है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया, 'मेरी टीम इस पर काम कर रही है और हम इसके लिए कुछ स्कूलों के ग्रुप बनाएंगे और बच्चों का टेस्ट लेंगे। जो बच्चे पास हो जाएंगे उन्हें हम एक साल की मुफ्त शिक्षा देंगे। एक साल पूरा होने पर इन बच्चों को दोबारा टेस्ट देना होगा।'
उन्होंने आगे बताया, 'बच्चों की शिक्षा के लिए उठाया ये हमारा पहला कदम है। हम अलग-अलग मॉडल की तलाश कर रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि ऐसा करने से बच्चों में पढ़ाई के प्रति जागरुकता बढ़ेगी और वो पढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी होंगे।'
पटना में पले बढ़े सुशांत हमेशा से ही विदेश जाकर पढ़ाई करना चाहते थे लेकिन पैसों की तंगी के कारण वो ये नहीं कर पाए।
सुशांत ने बताया, 'मेरी मां भी ये सोचती है कि पढ़ाई करके जरूरी नहीं कि डॉक्टर या इंजीनियर ही बना जाए। बेसिक शिक्षा सभी के लिए जरूरी होती है, इससे दिमाग के विकास और डिसिजन मेकिंग में मदद मिलती है। इसलिए अगर आप एक्टिंग की दुनिया में भी आना चाहते हैं तो भी शिक्षा काफी मदद करती है। इसी वजह से मैंने बच्चों की शिक्षा के लिए ये छोटा सा कदम उठाया है।'
फिलहाल सुशांत अपनी आने वाली फिल्म 'राब्ता' के प्रमोशन में बिजी हैं जो 9 जून को रिलीज हो रही है।