यशराज फिल्म्स की वर्ष 2010 की मूवी 'बैंड बाजा बारात' से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाले एक्टर रणवीर सिंह अब तक कई बेहतरीन निर्देशकों के साथ कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रह चुके हैं। रणवीर ने संजय लीला भंसाली के साथ दो सुपरहिट फिल्मों 'बाजीराव मस्तानी' और 'पद्मावत' में काम किया है। इन दोनों मूवी में रणवीर के अपोजिट दीपिका पादुकोण नजर आई थीं। साथ ही यह दोनों फिल्में आलोचनात्मक और व्यवसायिक दोनों तरह से हिट रही थीं। वहीं, अब एक्टर के फैंस को लेकर एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। संजय लीला भंसाली और रणवीर ने एक बार फिर हाथ मिला लिया है।
'बैजू बावरा' में नजर आएंगे रणवीर
रणवीर सिंह अब जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बैजू बावरा' में नजर आएंगे। इस फिल्म के लिए एक्टर को फाइनल कर लिया गया है। इतना ही नहीं अब यह भी कन्फर्म हो गया है कि इसमें एक्टर के अपोजिट आलिया भट्ट होंगी। इस तरह 'बैजू बावरा' में रणवीर और आलिया तीसरी बार साथ नजर आएंगे। दोनों को पहली दफा फिल्म 'गली बॉय' में देखा गया था। दूसरी बार यह जोड़ी जल्द 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में नजर आने वाली है।