हिंदी फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने के कुछ समय बाद ही ओटीटी पर स्ट्रीम होने लगती हैं। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'ब्लैक' को ओटीटी पर आने में लगभग 19 साल लग गए हैं। फिल्म 'ब्लैक' में छोटी मिशेल मैकनेली की भूमिका निभाने वाली आयशा कपूर ने अब इस बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने लंबे समय के बाद ओटीटी पर अपनी फिल्म रिलीज होने पर खुशी जाहिर की है।
कॉलेज के दोस्त भी देख सकेंगे यह फिल्म
आयशा ने कहा कि उन्हें तब हैरानी हुई जब यह फिल्म किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं थी। अब जब इसकी स्ट्रीमिंग ओटीटी पर हो गई है, तो अधिक दर्शक इसे देखेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं हैरान हो गई थी, जब ये फिल्म लंबे समय तक किसी भी मंच पर नहीं थी। मुझे लगता है कि सिर्फ ओटीटी पर होना इसको और अधिक सरल बनाता है। अब इस फिल्म को अमेरिका में मेरे कॉलेज के दोस्त भी देख सकेंगे।'
यह भी पढ़ें: Bhakshak: समाज में भक्षकों की मौजूदगी पर भूमि ने जताई चिंता, इंटरव्यू में अपने सवाल से की समाज पर चोट
अंधे और बहरे समुदाय को किया प्रभावित
आयशा ने बताया, 'जब मैंने फिल्म 'ब्लैक' में काम किया, तो मैं सिर्फ नौ वर्ष की थी।' उन्होंने अपने किरदार के वास्तविक जीवन पर प्रभाव के बारे में भी बात की। अभिनेत्री ने कहा, 'इस फिल्म ने दिव्यांग समुदाय के लोगों को भी प्रभावित किया था। कोरिया में भी यह एक कल्ट फिल्म बन गई है। हालांकि, यह सोचना पागलपन है कि यह सारी फिल्म कहां तक पहुंची और इसका लोगों पर क्या प्रभाव पड़ा।'
'ब्लैक' के बारे में
'ब्लैक' फिल्म की बात करें, तो यह फिल्म 2005 की में रिलीज हुई थी। 'ब्लैक' में अमिताभ बच्चन और रानी मुखर्जी अहम किरदार में नजर आए थे। फिल्म में रानी मुखर्जी ने एक दिव्यांग लड़की का किरदार निभाया था। 'ब्लैक' में अभिनेत्री के शानदार अभिनय ने सबका दिल जीत लिया था। 'ब्लैक' को 4 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया है। इस फिल्म में रानी मुखर्जी के अलावा आयशा कपूर और अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे।
यह भी पढ़ें: Namrata Shirodkar: महेश बाबू-नम्रता की बेटी सितारा का बना फेक अकाउंट, अभिनेत्री ने पोस्ट साझा कर दी चेतावनी