'औरों में कहां दम था' के ट्रेलर का इंतजार कर रहे फैंस के लिए खुशखबरी है। बीते कुछ दिनों से ट्रेलर रिलीज की तारीख को लेकर कई रिपोर्ट सामने आ चुकी है। हालांकि, अब खुद निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर इसके ट्रेलर रिलीज की तारीख की घोषणा कर दी है। पोस्टर में फिल्म के मुख्य कलाकार अजय देवगन और तब्बू हैं। साथ ही इसमें जिमी शेरगिल भी नजर आए हैं। आइए जान लेते हैं कि फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर कब जारी होगा-
फिल्म 'औरों में कहां दम था' का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज होगा। तब्बू और अजय देवगन द्वारा शेयर किए गए पोस्टर पर कैप्शन में लिखा है, 'भाग्य से बंधा हुआ। प्यार से परिभाषित। औरों में कहां दम था का ट्रेलर कल रिलीज होगा। फिल्म 5 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।' अजय देवगन और तब्बू एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने आ रहे हैं। इस ऑनस्क्रीन जोड़ी को इससे पहले फिल्म 'गोलमाल अगेन', 'दे दे प्यार दे', 'हकीकत', 'विजयपथ', 'तक्षक', 'भोला' और 'दृश्यम' में धमाल मचाते देखा जा चुका है।
'औरों में कहां दम था' में अजय देवगन और तब्बू के अलावा जिमी शेरगिल, सई मांजरेकर और शांतनु माहेश्वरी भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। नीरज पांडे द्वारा निर्देशित इस फिल्म को शीतल भाटिया, नरेंद्र हीरावत और कुमार मंगत पाठक के पैनोरमा स्टूडियो द्वारा निर्मित किया गया है। अजय देवगन जल्द ही रोहित शेट्टी की फिल्म 'सिंघम अगेन' में नजर आएंगे।
'औरों में कहां दम था' का मुख्य आकर्षण इसका मूल साउंडट्रैक है जिसे ऑस्कर विजेता संगीत निर्देशक एमएम कीरवानी ने तैयार किया है। नीरज पांडे निर्देशित इस फिल्म के साथ तब्बू और अजय दसवीं बार एक साथ काम कर रहे हैं। फिल्म 23 साल की अवधि में फैली एक महाकाव्य संगीतमय रोमांटिक ड्रामा है। यह 2000 से 2023 के बीच सेट है। फिल्म 5 जुलाई को अपनी रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है।