बॉलीवुड इन दिनों ड्रग्स मामले को लेकर काफी ज्यादा सुर्खियों में बना हुआ है। इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े स्टार्स का नाम ड्रग्स रैकेट में सामने आ चुका है, जिन पर एनसीबी सख्त कार्रवाई कर रही है। एक तरफ इन दिनों शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ड्रग्स मामले में गिरफ्तार हैं। तो दूसरी तरफ अभिनेता अरमान कोहली भी ड्रग्स मामले की वजह से जेल की चार दीवारी में बंद हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अरमान कोहली को गिरफ्तार किया था। उनकी जमानत याचिका भी 14 अक्तूबर को विशेष अदालत ने खारिज कर दी थी और अब इस पर कोर्ट द्वारा याचिका खारिज करने की बड़ी वजह सामने आई है।
कोर्ट ने अभिनेता अरमान कोहली की जमानत अर्जी खारिज करते हुए कहा है कि उनके मोबाइल फोन से चैट और कुछ वीडियोज मिले हैं, जिससे साफ है कि वह मादक पदार्थों की अवैध तस्करी में शामिल थे। अदालत ने कहा कि जांच के दौरान प्राप्त सामग्री की जांच करने के बाद ‘प्रथम दृष्टया’ ऐसा लगता है कि कोहली ‘मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित सह-आरोपियों के साथ अच्छी तरह से जुड़े हुए थे।’ विशेष अभियोजक अद्वैत सेठना ने अदालत में कोहली और सह-आरोपियों के बीच की चैट पेश की थी।
न्यायाधीश ने कहा कि बैंक लेन-देन ने कथित लेन-देन (चैट से खुलासा) की पुष्टि की। अदालत ने ये भी कहा कि कोहली अपने घर से बरामद मादक पदार्थ और वित्तीय लेन-देन का उद्देश्य बताने में विफल रहे हैं। अदालत ने जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि जांच शुरुआती चरण में है।
अरमान कोहली को अगस्त के आखिरी सप्ताह में गिरफ्तार किया गया था। स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामलों के विशेष न्यायाधीश ए ए जोगेलकर ने 14 अक्टूबर को अभिनेता की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। एनसीबी के अनुसार, कोहली के घर से 1.2 ग्राम एमडी बरामद की गई थी, जबकि मामले में सह-आरोपी से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया था।