फिल्मकार अनुराग बसु का कहना है कि हम शिल्पा को सेट पर बहुत याद करते हैं। उन्होंने कहा कि पता नहीं शिल्पा शेट्टी सेट पर कब लौटेंगी। शिल्पा, बच्चों के डांस रियलिटी शो सुपर डांसर के चौथे सीजन को जज कर रही हैं। उनके को-जज अनुराग बसु हैं। लेकिन, जब से शिल्पा के पति राज कुंद्रा को मोबाइल एप के माध्यम से अश्लील फिल्में बनाने और प्रकाशित करने में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया, तब से उन्होंने शो से दूरी बना रखी है। ऐसे में अनुराग बसु का कहना है कि साथी जज उनको सेट पर बहुत याद करते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे बीच अच्छी बॉन्डिंग है। हम एक परिवार हैं और जब परिवार में कोई व्यक्ति आसपास नहीं होता है, तो बहुत मुश्किल होती है। हमें शिल्पा प्रिय हैं और हम उनको याद करते हैं। आपको बता दें कि रविवार को शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने एक कोविड -19 फंड-रेजर कार्यक्राम में भाग लिया। पिछले महीने पति राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद यह शिल्पा की पहली सोशल मीडिया उपस्थिति है। शिल्पा ने व्यायाम का प्रदर्शन किया और नकारात्मक विचारों को दूर करने के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में नकारात्मक विचारों का आना स्वभाविक है... सकारात्मक रहने के लिए हमें प्राणायाम जरूरी है। सांस को नियंत्रित करना महत्वपूर्ण है।