अभिनेत्री सलोनी बत्रा संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित फिल्म 'एनिमल' में रणबीर कपूर की बहन रीत का किरदार निभा रही हैं। फिल्म के बाकी सभी कलाकारों के साथ ही सलोनी भी इन दिनों इसकी सक्सेस को एंजॉय कर रही हैं। यह हम नहीं बल्कि उनके द्वारा हाल ही में इंटरव्यू कही बातों से पता लग रहा है। जब सलोनी से पूछा गया कि उन्हें 'एनिमल की बहन' बनकर कैसा लगा रहा है? तो इस पर सलोनी ने लंबी सी मुस्कान के साथ जवाब दिया कि, 'मैं जनता द्वारा दिए जा रहे प्यार के लिए उनकी शुक्रगुजार हूं। मैं बहुत लकी हूं कि मुझे रीत का किरदार निभाने का मौका मिला। इस फिल्म में मुझे पहचान ही नहीं बल्कि इंडस्ट्री के दिग्गजों के साथ काम करने का भी मौका दिया।' अभिनेत्री ने बताया कि वह बेहद खुश हैं कि लोग उन्हें आज के समय में 'एनिमल की बहन' के नाम से जानते हैं।
सलोनी ने इंटरव्यू में उस समय को भी याद किया जब उन्हें यह फिल्म ऑफर की गई थी और कहा, 'मुझे जब यह फिल्म ऑफर हुई तो मुझे लगा मेरी इतने वर्षों की मेहनत रंग ला रही है। मेरे सपने जो मैंने एक अभिनेत्री के रूप में देखे थे यह वह सीढ़ी है, जिससे उनके पूरे होने की शुरुआत होगी। इस बात को सोचकर मैं खुश हो गई थी, लेकिन जब मुझे पता लगा कि मैं इतने सारे सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर करने वाली हूं तो मैं थोड़ा नर्वस हो गई थी। लेकिन संदीप सर का प्रॉसेस बहुत अच्छा था और उन्होंने हर चीज को बहुत ही अच्छे से हैंडल किया। सेट पर सभी का बर्ताव बिल्कुल सामान्य था किसी ने भी हमें जूनियर एक्टर्स की तरह ट्रीट नहीं किया।'
इस साक्षात्कार में सलोनी ने फिल्म को मिल रही आलोचनाओं पर भी प्रतिक्रिया दी और फिल्म का बचाव करते हुए कहा, 'लोगों को अपनी राय रखने का पूरा हक है क्योंकि भारत एक स्वतंत्र देश है। यह कहानी एक ऐसे लड़के की है जो अपने पिता के प्यार के लिए तरसा है। उसका किरदार ही संदीप सर ने उस तरह का बनाया है। फिल्म को पहले से ही ए सर्टिफिकेट भी मिला है और इसका जॉनर भी एक्शन है, जिसे देखकर लोगों को मजा भी आ रहा है। हम कलाकारों ने सिर्फ अपना 100 प्रतिशत देकर उसे पर्दे पर उतारा है। दर्शकों को कहानी को कहानी की तरह देखना चाहिए और बाकी अपनी सभी की राय होती है।'