अनिल कपूर की फिल्मों की लिस्ट में एक्शन, कॉमेडी से लेकर फैमिली ड्रामा तक यह सभी फिल्में शामिल है। सदाबहार अभिनेता माने जाने वाले अनिल कपूर ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार फिल्में दी हैं। उनकी ऐसी ही एक फिल्म की बात की जाए तो वह है 'जुदाई'। जो उस वक्त अनिल के साथ श्रीदेवी और उर्मिला मातोंडकर की कास्टिंग के लिए खूब चर्चा में रही थी।
अनिल श्रीदेवी और उर्मिला के साथ काम करते वक्त हुए थे नर्वस
साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म जुदाई अपने 26 साल का सफर पूरा कर चुकी है। इस मौके पर अनिल कपूर ने सोशल मीडिया पर फिल्म की दो तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि श्रीदेवी और उर्मिला के साथ काम करने को लेकर वह नर्वस क्यों थे? अनिल ने अपने ट्वीट में लिखा, 'उस वक्त जुदाई में काम करने का फैसला लेना मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने इसे चुना। मेरी जोड़ी दो बेहद खूबसूरत महिलाओं के साथ बनायी गयी थी, श्री और उर्मिला, और मुझे अभी भी याद है कि श्री जी और उर्मिला के साथ नाचते वक्त मैं कितना नर्वस था। दोनों ही अद्भुत डांसर हैं'।

फिल्म के बारे में
इस फिल्म में श्रीदेवी ने एक ऐसी लालची औरत का किरदार निभाया था जो पैसों के लिए अपने पति को दूसरी औरत को बेच देती है। लेकिन बाद में उसे अहसास होता है कि उसने अपने पति को खो दिया है और अब वह उस दूसरी औरत को ही चाहता है। फिल्म में पति का किरदार अनिल कपूर और दूसरी औरत का किरदार उर्मिला ने निभाया था। 'जुदाई' में केवल लीड ऐक्टर्स ही नहीं बल्कि इसकी सपोर्टिंग कास्ट में फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, कादर खान, परेश रावल और उपासना सिंह के बेहतरीन किरदारों के लिए भी याद किया जाता है।
बता दें की अनिल कपूर और श्रीदेवी की जोड़ी ने जुदाई के अलावा 'मिस्टर इंडिया', 'लम्हे', 'लाडला', 'कर्मा', 'मिस्टर बेचारा', 'हीर रांझा' जैसी कई पॉपुलर फिल्मों में काम किया था। फिलहाल, अनिल कपूर इन दिनों डिज्नी प्लस हॉटस्टार की वेब सीरीज 'द नाइट मैनेजर' में विलेन के किरदार में नजर आ रहे हैं। अनिल ने अपने करियर में एंटी हीरो के किरदार तो निभाये हैं, मगर नकारात्मक किरदारों में ज्यादा नजर नहीं आये हैं।