गौरतलब है कि फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल और उनकी टीम पर 11 लाख एडवांस लेने के बावजूद एक इवेंट में न शामिल होने का आरोप लगाया गया है। अभिनेत्री को एक शादी में शामिल होकर डांस करने के लिए इनविटेशन दिया गया था। लेकिन एडवांस पेमेंट लेने के बावजूद अमीषा ने इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं की थी। इस कार्यक्रम का आयोजन करने वाली ड्रीम विजन इवेंट कंपनी के मालिक पवन कुमार वर्मा ने अमीषा पटेल के खिलाफ शिकायत की थी। इस केस में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद कोर्ट में मुकदमा चल रहा है।
अभिनेत्री के खिलाफ मुरादाबाद कोर्ट में धारा 120-B, 406,504 और 506 आईपीसी के तहत मुकदमे की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। शिकायतकर्ताओं के वकील के अनुसार अदालत की तरफ से अमीषा और उनके सहयोगियों को समन भेजा गया है। इस समन में कहा गया है कि अगर वारंट जारी करने के बावजूद बिना कोई ठोस कारण दिए अदालत में पेश नहीं हुई तो उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया जा सकता है।
यह पहली बार नहीं है, जब अमीषा पटेल किसी कानूनी पचड़े में फंसी हों। इससे पहले भी वह कई विवादों में रही हैं, जिनमें चेक बाउंस होने से लेकर कई मामलें हैं। पिछले साल अमीषा के खिलाफ भोपाल की एक अदालत ने भी वारंट जारी किया था। एक अन्य मामले में अमीषा पटेल और उनके भाई के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था, जिसमें दोनों के खिलाफ वारंट भी निकला था। इसके बाद जिसके बाद यह मामला हाई कोर्ट तक भी पहुंचा था।