'अमर उजाला संवाद 2023' कार्यक्रम में विक्की कौशल
- फोटो : अमर उजाला
'अमर उजाला संवाद 2023' कार्यक्रम आज जम्मू-कश्मीर में चल रहा है, जहां खेल, उद्योग, शिक्षा और मनोरंजन जगत की तमाम हस्तियां पहुंची हैं। विक्की कौशल ने भी इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अभिनेता इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'सैम बहादुर' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। यह फिल्म फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के जीवन पर आधारित है। अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में अभिनेता ने इस फिल्म के अलावा कई अन्य मुद्दे पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने सोशल मीडिया के नुकसान और फायदों के बारे में भी खुलकर बात की।
जो भी करो मेहनत से करो
अमर उजाला संवाद में विक्की कौशल से पूछा गया कि आपका सफर दिलचस्प और मेहनतभरा रहा है। क्या कभी हताश हुए? युवाओं को क्या संदेश देंगे? इस पर अभिनेता ने कहा कि जितना ऑडिशन दे सकें, जितना रोज प्रैक्टिस कर सकें, वह आपकी मदद करेगा। मुझे मेरी मां ने अच्छी बात कही थी। कई बार ऑडिशन में टॉप-2 या टॉप-3 तक पहुंचकर भी कामयाबी नहीं मिलती थी। मैंने मां से कहा कि पता नहीं कैसे होगा, तब उन्होंने कहा कि कैसे होगा, यह चिंता करना तुम्हारा काम नहीं है। यह होकर रहेगा, इस पर भरोसा करना तुम्हारा काम है, जो आपके हाथ में है, उसमें जान फूंक दो और जो आपके हाथ में नहीं है, उसकी चिंता करना छोड़ दो। आज मुझे क्या करना है, मैं इसमें अपना सौ फीसदी देता हूं। कल क्या होना है, वह मैं कल ही देखता हूं।
Samvad 2023: विक्की कौशल के घरवाले निकालते हैं उनकी फिल्मों में खामियां, बोले- मेरा परिवार ही मेरा निंदक है
सोशल मीडिया पर क्या बोले विक्की
विक्की कौशल से पूछा गया कि आजकल लोगों को एक रील बनाकर शोहरत मिल जाती है। तेजी से यह शोहरत चली जाती है। कामयाबी को बरकरार रखना कितना मुश्किल है? इस पर विक्की ने कहा कि सोशल मीडिया के जमाने में खतरनाक चीज है- ट्रेंडिंग है। चर्चा और कामयाबी दो अलग चीजें हैं। आजकल माना जाता है कि आप चर्चित हैं तो कामयाब हैं। चर्चा में तो हर रोज लोग बदल जाते हैं। ट्रेंडिंग पर मत जाइए, अपनी लीगेसी बनाइए। लीगेसी में वक्त लगेगा, लेकिन वह हमेशा रहेगी। वायरल होने के तो बहुत तरीके हैं, आपकी विरासत एक ही तरह से बनेगी।
Samvad 2023: 'जब आप किसी से प्यार करते हैं तो प्लस-माइनस सबके साथ प्यार होता है, संवाद में बोले विक्की कौशल