लोगों को उम्मीद है कि सबकुछ ठीक होने के बाद सिनेमाघरों में फिर से चहल-पहल होगी और दर्शक फिल्में देखने के लिए सिनेमाघरों का रुख करेंगे। लेकिन अमर उजाला के पोल के मुताबिक, अगर सिनेमाघरों के खोला भी जाए तो भी लोग फिल्मों के लिए ओटीटी के पक्ष में हैं।
पोल में 68.57 फीसदी लोगों ने ओटीटी पर ही फिल्में देखने की राय दी। तो वहीं 31.43 फीसदी लोग सिनेमाघरों के पक्ष में हैं। फिलहाल, पोल के हिसाब से तो लोग ओटीटी पर ही फिल्में और सीरीज देखना पसंद करेंगे।
इसके दो कारण हो सकते हैं। पहला या तो लोगों को ओटीटी का एक बार सब्सक्रिप्शन लेने पर साल भर फिल्में और सीरीज देखने को मिल रही है। दूसरा लोग कोरोना के कहर से अभी भी डरे हुए हैं और सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखने में उन्हें संक्रमण का खतरा सता रहा है। खैर, जो भी कारण हो जब सिनेमाघर खुलेंगे तब हमें पता चल ही जाएगा कि आखिर दर्शकों को फिल्में कहां देखनी है।
इसके अलावा सिनेमाघरों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। राज्य सरकार और सिनेमाघरों के मालिक इस पर पहले ही कह चुके हैं। उनकी ओर से कहा गया था कि पहले से भी अधिक सावधानी बरती जाएगी और सिनेमाघरों के अंदर सेनिटाइजेशन और मास्क पहनने को लेकर सख्ती बरती जाएगी।