बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की नई फिल्म गोरखा आ रही है। इस फिल्म का पोस्टर भी जारी हो गया है। लेकिन फिल्म के पोस्टर में एक बड़ी चूक हुई है। जिसकी तरफ ध्यान सेना के ही एक पूर्व अधिकारी ने दिलाया है। यह एक बायोपिक फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार वॉर हीरो मेजर जनरल इयान कार्डोजो का रोल निभाने जा रहे हैं। मेजर जनरल इयान कार्डोजो ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया था। जिसके कारण उनका नाम इतिहास में दर्ज है।
फिल्म के पोस्टर में अक्षय कुमार ने गलत पकड़ी है खुकरी
फिल्म के फर्स्ट लुक में अक्षय कुमार गोरखा जवान के तौर पर दिख रहे हैं। हालांकि फिल्म के पोस्टर में एक बड़ी खामी है। जिसकी तरफ ध्यान पूर्व गोरखा अधिकारी ने दिलाया है। उन्होंने अक्षय कुमार का शुक्रिया अदा करते हुए ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है, डियर अक्षय कुमार जी, एक पूर्व गोरखा अधिकारी होने के नाते, मैं यह फिल्म बनाने के लिए आपका धन्यवाद करता हूं। डिटेल मायने रखते हैं, इसलिए खुकरी को ठीक तरह से दिखाएं। धारदार हिस्सा, दूसरी तरफ होना चाहिए। यह तलवार नहीं है। खुकरी ब्लेड के अंदरूनी हिस्से से स्ट्राइक करती है।